कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे मामले से जुड़े नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस ने इस हत्याकांड की साजिश में कथित भूमिका के आरोप में कारोबारी की बहू शालू को गिरफ्तार किया है। वह फिलहाल जेल में है। इस बीच परिवार का कहना है कि मां के जेल जाने के बाद शालू का पांच साल का बेटा बेहद परेशान है और ठीक से खाना भी नहीं खा रहा है।
दादू ने पोते को गिफ्ट की थी स्पोर्ट्स बाइक
इस मामले से जुड़ा एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसे कथित तौर पर शालू ने 16 नवंबर 2025 को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। वीडियो में शालू अपने बेटे के स्कूल से लौटने का इंतजार करती नजर आती है। घर को गुब्बारों से सजाया गया था और बच्चे के कमरे में जन्मदिन का केक रखा था।
बच्चे के कमरे में पहुंचते ही जन्मदिन का सेलिब्रेशन शुरू होता है। इसी दौरान विनीत मिनोचा अचानक कमरे से बाहर आते हैं। दादा को देखते ही बच्चा उनसे लिपट जाता है। इसके बाद उसे एक सरप्राइज की ओर ले जाया जाता है। सफेद चादर हटाने पर वहां स्पोर्ट्स बाइक दिखाई देती है, जिसे दादा ने अपने पोते को जन्मदिन पर गिफ्ट किया था।
अब यही वीडियो परिवार के लिए बेहद भावुक पल बन गया है। एक तरफ पोते को खुश करने वाला दादा इस दुनिया में नहीं है, तो दूसरी तरफ बच्चे की मां हत्या के मामले में जेल में है।
सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच के दायरे में
पुलिस जांच के बीच शालू के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में हैं। उसके कथित इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटे के जन्म, जन्मदिन, पति सुब्रत के साथ शादी समारोह, करवाचौथ और दोस्तों के साथ पार्टी की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए गए थे। 16 मार्च 2020 को उसकी बैचलर पार्टी से जुड़ी तस्वीरें भी शेयर की गई थीं।
हालांकि, हत्या के बाद इन पुरानी पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। पुलिस इस डिजिटल गतिविधि को मामले के अन्य तथ्यों के साथ जोड़कर देख रही है।
शालू और विशाल की चैट से मिले सुराग
जांच में पुलिस को कथित तौर पर शालू और आरोपी विशाल गौतम के बीच हुई बातचीत से जुड़े डिजिटल सुराग मिले हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से वॉट्सऐप पर संपर्क था। शुरुआती दौर में विशाल के गुड मॉर्निंग और गुड नाइट मैसेज का शालू की तरफ से जवाब नहीं आता था। पुलिस का दावा है कि करीब तीन महीने पहले दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और इसके बाद शालू भी उसे मैसेज करने लगी।
जांच एजेंसियां इस अवधि को हत्या की कथित साजिश से जोड़कर देख रही हैं। हालांकि, बातचीत का पूरा संदर्भ, हत्या की योजना कब बनी और इसमें किसकी क्या भूमिका थी, इसका अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।
हत्या के बाद चैट डिलीट करने का दावा
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद विशाल ने शालू के साथ हुई चैट डिलीट करने की कोशिश की थी। हालांकि, जांच एजेंसियों का दावा है कि वॉट्सऐप कॉल से जुड़े कुछ रिकॉर्ड उपलब्ध मिले हैं। पुलिस का यह भी कहना है कि विशाल का बच्चे से संपर्क था और वारदात वाले दिन भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी।
इसके अलावा हत्या के बाद फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी को अपार्टमेंट से कुछ दूरी पर फेंके जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इसे बरामद करने के लिए आरोपी की कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।
पार्टी में डांस के दौरान साजिश का आरोप
पुलिस के अनुसार, जिस समय विनीत मिनोचा की हत्या हुई, उस दौरान शालू एक पार्टी में मौजूद थी। पुलिस का आरोप है कि वारदात की कथित योजना पहले से तैयार थी और पार्टी के दौरान भी शालू मोबाइल के जरिए विशाल के संपर्क में थी।
फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी साजिश, आरोपियों के बीच संपर्क, डिजिटल चैट और वारदात के बाद की गतिविधियों को जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस के दावों और डिजिटल साक्ष्यों की कानूनी जांच अभी बाकी है। मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान ही होगी।