अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हादसा हो गया है। यहां अमेजन का एक कार्गो प्लेन रनवे से निकल कर गाड़ियों से टकरा गया। हादसे के बाद प्लेन में आग लग गई, जिससे 5 लोगों की मौत गई है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कुछ लोग गाड़ियों के अंदर काफी देर फंसे रहे और पायलट और को-पायलट भी प्लेन में फंसे रहे, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला।
रनवे से आगे निकला विमान
जानकारी के मुताबिक प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से आया अमेजन का कार्गो विमान रनवे से आगे निकल गया। मियामी-डेड काउंटी अधिकारियों के अनुसार, विमान कई गाड़ियों से टकराया और उसमें आग लग गई, जिससे कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह घटना दोपहर करीब 2 बजे (स्थानीय समय) हुई, जब कार्गो विमान अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित व्यस्त एयरपोर्ट पर उतरा था।
विमान ने कई गाड़ियों में मारी टक्कर
अधिकारियों ने कहा कि अभी यह तय करना जल्दबाजी होगी कि मरने वाले लोग विमान में सवार थे या उन गाड़ियों में थे जिन्हें रनवे से आगे निकलने के दौरान विमान ने टक्कर मारी थी। मियामी-डेड रेस्क्यू फायर चीफ रे जदाल्लाह ने कहा कि इस दुर्घटना के कारण बचाव कार्य में कई चुनौतियां आईं।
पायलट और को-पायलट कॉकपिट के अंदर फंसे हुए थे, जबकि कुछ लोग उन गाड़ियों में भी फंसे थे, जिन्हें दुर्घटना के दौरान टक्कर लगी थी।
32 साल पुराना था विमान
क्रैश वाली जगह की तस्वीरों में प्राइम एयर का प्लेन सड़क के किनारे दो सेमी-ट्रकों के पास पड़ा हुआ दिखाई दिया। विमान क्रैश के बाद लगी आग के बावजूद काफी हद तक सही-सलामत था। इस प्लेन को नॉर्थ कैरोलिना की कार्गो कंपनी ’21 Air’ ऑपरेट करती थी।
हादसे का शिकार हुआ प्लेन 32 साल पुराना Boeing 767 था, जिसे शुरू में पैसेंजर प्लेन के तौर पर बनाया गया था। फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के मुताबिक, 2015 में कार्गो प्लेन में बदलने से पहले यह प्लेन दो दशक से ज़्यादा समय तक कई एयरलाइंस के लिए उड़ा था।
एयरपोर्ट का कामकाज रुका
इस क्रैश की वजह से मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कामकाज में काफी रुकावट आई। रविवार दोपहर को काफी देर तक उड़ानें रोकी गईं क्योंकि इमरजेंसी सर्विस की टीमें हादसे के बाद मौके पर काम कर रही थीं। फ्लाइट में देरी को ट्रैक करने वाली कंपनी FlightAware के मुताबिक, रविवार देर दोपहर तक एयरपोर्ट पर करीब 250 उड़ानें देरी से चल रही थीं।