राम मंदिर ट्रस्ट के CEO जितेंद्र मिश्रा का बताकर शेयर किया फर्जी वीडियो

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राष्ट्रीय

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करने के बाद विवादों में घिर गए हैं। दीपके ने एक वीडियो को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा का बताया था। वीडियो में एक शख्स गाने पर डांस करता हुआ नजर आ रहा था। हालांकि, बाद में वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान जितेंद्र मिश्रा के तौर पर गलत बताई गई। इसके बाद अभिजीत दीपके ने अपनी पोस्ट को लेकर सफाई दी।

वीडियो शेयर कर धर्म को लेकर उठाए थे सवाल

अपनी पहली पोस्ट में अभिजीत दीपके ने वीडियो के साथ व्यक्ति की निजी जिंदगी को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह किए जाने को लेकर सवाल उठाया। बाद में जब उन्हें बताया गया कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति जितेंद्र मिश्रा नहीं है, तो उन्होंने अपनी बात स्पष्ट की।

दीपके ने कहा कि कोई व्यक्ति अपनी निजी जिंदगी में क्या करता है, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उनका कहना था कि उनका सवाल इस बात को लेकर था कि अगर वीडियो में दिखने वाला व्यक्ति राम मंदिर ट्रस्ट का CEO नहीं होता तो ‘धर्म के ठेकेदारों’ की प्रतिक्रिया क्या होती।

‘मेरा पॉइंट व्यक्ति की पर्सनल चॉइस नहीं था’

दूसरी पोस्ट में दीपके ने लिखा कि उन्हें बताया गया है कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति जितेंद्र मिश्रा नहीं है। उन्होंने दोहराया कि किसी की निजी जिंदगी और व्यक्तिगत पसंद उसका अपना मामला है।

उन्होंने कहा कि उनका मुद्दा उस व्यक्ति या उसकी पर्सनल चॉइस को लेकर नहीं था, बल्कि इस बात को लेकर था कि किसी व्यक्ति के पद और पहचान के आधार पर ऐसी चीजों को अलग-अलग नजरिए से क्यों देखा जाता है।

हालांकि, दीपके की सफाई के बाद भी एक्स पर कुछ यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया। कई यूजर्स ने फर्जी पहचान के साथ वीडियो शेयर करने को लेकर CJP संस्थापक से सवाल पूछे और गलत दावा करने पर आपत्ति जताई।

कौन हैं जितेंद्र मिश्रा?

बता दें कि 2 सितंबर को रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला CEO नियुक्त किया गया। यह ट्रस्ट अयोध्या स्थित राम मंदिर के प्रबंधन और उससे जुड़े कामकाज की देखरेख करता है।

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले 62 वर्षीय जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें युद्ध सेवा मेडल समेत कई सैन्य सम्मान मिल चुके हैं। पिछले साल मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने वेस्टर्न एयर कमांड का नेतृत्व किया था।

CEO के तौर पर अयोध्या के अपने पहले दौरे पर मिश्रा ने कहा था कि मंदिर की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है। उन्होंने इसे शुरुआती दौरा बताते हुए कहा था कि धीरे-धीरे मंदिर के कामकाज को समझने के बाद आगे की योजनाएं तैयार की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *