दिल्ली पुलिस की द्वारका जिला स्पेशल स्टाफ ने एक बड़े मल्टी-स्टेट साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का नेटवर्क देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 89 साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा मिला है। इन मामलों में करीब 83.23 करोड़ रुपये की रकम शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और ठिकानों से 109 चेकबुक, 12 मोबाइल फोन समेत बैंक खातों, फर्जी फर्मों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए हैं।
संदिग्ध बैंक खाते से खुली नेटवर्क की कड़ी
पुलिस के अनुसार, मामला एफआईआर नंबर 101/26 के तहत थाना द्वारका नॉर्थ में दर्ज किया गया था। साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के विश्लेषण के दौरान द्वारका सेक्टर-23ए स्थित यस बैंक के एक संदिग्ध खाते का पता चला। जांच में सामने आया कि इस खाते में तेलंगाना, तमिलनाडु और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में हुई साइबर ठगी की रकम पहुंची थी।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई बैंक खातों और फर्मों के बीच संदिग्ध वित्तीय लेनदेन मिले। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग नामों से बैंक खाते और फर्म खोलकर ठगी की रकम को कई खातों में ट्रांसफर करते थे। इसके बाद रकम को नकद निकालने या अन्य माध्यमों से आगे भेजने का काम किया जाता था।
नौकरी का झांसा देकर खुलवाते थे म्यूल अकाउंट
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि सिंडिकेट के सदस्य आम लोगों को नौकरी देने या वेतन खाता खोलने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को इधर-उधर करने के लिए किया जाता था।
जांच में यस बैंक, फेडरल बैंक और एसबीआई समेत कई बैंकों के खातों और फर्मों के इस्तेमाल की जानकारी मिली है। पुलिस ने चेतन सहरावत को इस नेटवर्क का मुख्य हैंडलर बताया है। आरोप है कि बाकी आरोपी उसके निर्देश पर काम करते थे।
1.14 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम होल्ड
बैंक खातों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को कई ऐसे खाते मिले, जिनमें समान भेजने वालों और लाभार्थियों के बीच लेनदेन सामने आया। इससे संगठित तरीके से रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए जाने का संदेह मजबूत हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1,14,84,394 रुपये की रकम होल्ड कराई है।
जांच में चेतन सहरावत के गौरव कादियान के साथ वित्तीय लेनदेन और माही इनोवेटिव सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड से करीब 94 हजार रुपये के लेनदेन का भी पता चला है।
USDT और Binance कनेक्शन की जांच
पूछताछ में चेतन सहरावत ने कथित तौर पर USDT और Binance से जुड़े लेनदेन में शामिल होने की बात बताई है। हालांकि, पुलिस के अनुसार उसने जांच के दौरान अपना मोबाइल फोन उपलब्ध नहीं कराया। अब पुलिस डिजिटल और क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी की रकम के पूरे नेटवर्क और उसके अंतिम लाभार्थियों का पता लगाया जा सके।
विदेश भागने की कोशिश, LOC से पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, एफआईआर दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी चेतन सहरावत थाईलैंड भाग गया और बाद में दुबई चला गया। उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया, जिसके बाद उसे आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, आरोपी तरुण भी दुबई भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन एलओसी के चलते उसे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया।
इस मामले में पुलिस ने चेतन सहरावत के अलावा शक्ति गुर्जर, धर्मेंद्र कुमार, तरुण, दीपक और गौरव कादियान को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान 109 चेकबुक और 12 मोबाइल फोन के अलावा बैंक दस्तावेज, फर्म रजिस्ट्रेशन पेपर, पैन व पहचान संबंधी दस्तावेज, कैश डिपॉजिट स्लिप और अन्य सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, जांच अभी जारी है। आरोपियों के डिजिटल उपकरणों, बैंक खातों और क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन की जांच के आधार पर ठगी की रकम के पूरे प्रवाह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आगे और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना जताई है।