लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, रायबरेली और उन्नाव में चला विशेष अभियान; 632 वारंटियों के खिलाफ अलग-अलग कानूनी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश में अपराधियों और न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के बावजूद फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। लखनऊ रेंज के पांच जिलों—लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, रायबरेली और उन्नाव में पुलिस ने विशेष अभियान के तहत 307 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा बड़ी संख्या में वारंटियों को अदालत में पेश होने के लिए समन तामील कराया गया और कई आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण भी किया।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों का शत-प्रतिशत निस्तारण करना और लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
लखीमपुर खीरी में 61 वारंटी गिरफ्तार
SSP खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने वारंटियों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 61 वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वहीं, 16 आरोपियों ने अदालत में हाजिर होकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने 141 वारंटियों को समन भी तामील कराया।
सीतापुर में 70 आरोपियों की गिरफ्तारी
सीतापुर पुलिस ने भी वांछित और वारंटी आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 70 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 21 वारंटी अदालत में हाजिर हुए। पुलिस ने 61 आरोपियों को समन तामील कराया। अभियान के दौरान 15 ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें संबंधित वारंटी की मृत्यु हो चुकी थी।
हरदोई में 60 वारंटी गिरफ्तार
हरदोई में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 60 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 28 वारंटी अदालत में हाजिर हुए और 4 को समन तामील कराया गया। पुलिस को 13 वारंटियों की मृत्यु से संबंधित मामले भी मिले।
उन्नाव में 53 और रायबरेली में 63 गिरफ्तारी
उन्नाव में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 53 वारंटी गिरफ्तार किए गए। वहीं, 21 वारंटी अदालत में हाजिर हुए या उन्होंने आत्मसमर्पण किया।
रायबरेली में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 63 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। एक वारंटी अदालत में हाजिर हुआ, जबकि 4 वारंटियों की मृत्यु से संबंधित मामले सामने आए।
इस तरह पांचों जिलों में पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों का प्रभावी तरीके से निस्तारण करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।