नोएडा एयरपोर्ट से फ्लाइट लेना होगा महंगा, यात्रियों को देना पड़ेगा UDF शुल्क

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को अब यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) देनी होगी। एयरपोर्ट्स इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (AERA) ने इस फीस को मंजूरी दे दी है। नई व्यवस्था के अनुसार घरेलू यात्रियों को 490 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को 980 रुपये तक UDF देना होगा। यह शुल्क वित्त वर्ष 2026-27 के लिए तय किया गया है।

जानकारी के अनुसार, नोएडा एयरपोर्ट से बाहर जाने वाले घरेलू यात्रियों के लिए UDF 490 रुपये तय की गई है। पहले एयरपोर्ट ऑपरेटर ने इसके लिए 653 रुपये का प्रस्ताव दिया था, लेकिन AERA ने इसे कम कर दिया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए यह शुल्क 980 रुपये रखा गया है, जबकि ऑपरेटर ने 1200 रुपये की मांग की थी।

इसके अलावा नोएडा एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों के लिए भी अलग शुल्क तय किया गया है। घरेलू यात्रियों को 210 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को 420 रुपये UDF देना होगा। AERA का कहना है कि यह फीस देश के अन्य बड़े एयरपोर्ट्स के बराबर रखी गई है।

बता दें कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 28 मार्च को Noida International Airport का उद्घाटन किया था। यह एयरपोर्ट 15 जून से कमर्शियल ऑपरेशन शुरू करने जा रहा है। माना जा रहा है कि इसके शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

इस एयरपोर्ट का संचालन यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) करेगी, जो ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल AG की सहायक कंपनी है। यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत तैयार की गई है।

AERA ने बताया कि शुरुआती वर्षों में एयरलाइंस को नए रूट शुरू करने और ज्यादा उड़ानें संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए एयरपोर्ट पर वेरिएबल टैरिफ प्लान लागू किया गया है। आने वाले वर्षों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ UDF शुल्क में धीरे-धीरे बदलाव भी हो सकता है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के सबसे आधुनिक एयरपोर्ट्स में गिना जा रहा है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *