Kanpur News: 36,580 किलो असुरक्षित भुना चना बुलडोजर से नष्ट, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

कानपुर टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राष्ट्रीय

कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने न्यायालय के आदेश के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए 36,580 किलोग्राम असुरक्षित भुना चना नष्ट करा दिया। जांच में इस खाद्य पदार्थ में औरामिन डाई की मौजूदगी पाए जाने के बाद इसे असुरक्षित घोषित किया गया था। नष्ट किए गए भुने चने की अनुमानित कीमत करीब 33.48 लाख रुपये बताई गई है।

17 दिसंबर 2025 को सीज किया गया था चना

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 17 दिसंबर 2025 को कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में भुना चना सीज किया था। इसके बाद नमूने को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। जांच में चने में औरामिन डाई की मौजूदगी पाई गई, जिसके आधार पर खाद्य पदार्थ को असुरक्षित घोषित किया गया।

बाद में रेफरल प्रयोगशाला में कराई गई जांच में भी औरामिन डाई की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद सीज किए गए खाद्य पदार्थ के विनष्टीकरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए न्यायालय से आदेश लिया गया।

कोर्ट के आदेश के बाद बनी तीन सदस्यीय समिति

न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोर्ट संख्या-1, कानपुर नगर में सरकार बनाम महेश कुमार गुप्ता से जुड़े दो मामलों में 14 जुलाई 2026 को सीज सामग्री को नष्ट करने का आदेश जारी किया गया था।

आदेश के अनुपालन के लिए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद को समिति का सदस्य बनाया गया।

पर्यावरण अनुकूल तरीके से नष्ट करने की हुई कोशिश

विनष्टीकरण की प्रक्रिया को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से पूरा करने के लिए समिति ने उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से दिशा-निर्देश मांगे। बोर्ड की ओर से दो पंजीकृत एजेंसियों की जानकारी दी गई। हालांकि, संबंधित फर्म को विनष्टीकरण के लिए करीब 40 रुपये प्रति किलोग्राम शुल्क बताया गया। शुल्क अधिक होने के कारण फर्म ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।

इसके बाद नगर निगम से संपर्क कर भौंती स्थित डंपिंग यार्ड में सामग्री को नष्ट कराने की व्यवस्था की गई।

सील की जांच के बाद 36,580 किलो चना हुआ नष्ट

समिति ने मौके पर पहुंचकर सीज सामग्री पर लगी सील की जांच की। सत्यापन में सील सही पाई गई। इसके बाद नियमानुसार सील हटाकर सामग्री को विनष्टीकरण के लिए भेजा गया। निरीक्षण के दौरान कुछ भुना चना चूहों से क्षतिग्रस्त भी मिला।

उपलब्ध 36,580 किलोग्राम भुना चना को 23 अगस्त 2026 को नगर निगम के भौंती स्थित डंपिंग यार्ड में नष्ट कराया गया। यह कार्रवाई नगर निगम से अनुबंधित फर्म मेसर्स एनवायरमेंटल टेक्नो, आगरा के माध्यम से कराई गई।

विभाग के अनुसार पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश और निर्धारित नियमों के तहत की गई। खाद्य पदार्थ में प्रतिबंधित या असुरक्षित रंग की मौजूदगी को देखते हुए इसे बाजार में पहुंचने से रोकना उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *