तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलने जा रहा है। अभिनेता से नेता बने थलपति विजय अब राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। टीवीके प्रमुख विजय शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है। चेन्नई में दिनभर राजनीतिक हलचल के बाद देर शाम राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया।
जानकारी के अनुसार, विजय का शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। समारोह में राजनीति, फिल्म और कई अन्य क्षेत्रों की बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
विजय ने राज्यपाल से मुलाकात के दौरान समर्थन देने वाले विधायकों की सूची सौंपी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी विधानसभा में आसानी से बहुमत साबित कर देगी। सूत्रों के मुताबिक, विजय को कुल 121 विधायकों का समर्थन हासिल हो गया है, जिसके बाद सरकार बनाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।
तमिलनाडु की राजनीति में यह एक ऐतिहासिक पल माना जा रहा है, क्योंकि विजय की पार्टी टीवीके ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और पहली ही कोशिश में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की। जनता के बीच विजय की लोकप्रियता का असर चुनाव नतीजों में साफ देखने को मिला। खासकर युवाओं और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं ने उनकी पार्टी को भरपूर समर्थन दिया।
हालांकि सरकार गठन से पहले कुछ राजनीतिक अड़चनें भी सामने आई थीं। वीसीके, एएमएमके और आईयूएमएल के कुछ विधायकों के समर्थन को लेकर लगातार बातचीत चल रही थी। लेकिन आखिरकार सभी दलों ने विजय को समर्थन देने का फैसला किया, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह उनके पक्ष में हो गई।
शुक्रवार शाम विजय के चेन्नई स्थित घर के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए। “टीवीके-टीवीके” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ खुशी जाहिर की। कई जगहों पर मिठाइयां बांटी गईं और विजय के पोस्टर लगाए गए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नई दिशा देखने को मिल सकती है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि नई सरकार राज्य के विकास, रोजगार और जनता से जुड़े मुद्दों पर किस तरह काम करती है।