होली का त्योहार भारत के सबसे लोकप्रिय और उत्साह से भरे पर्वों में से एक माना जाता है। हर साल फाल्गुन माह की पूर्णिमा पर मनाया जाने वाला यह त्योहार रंगों, खुशियों और आपसी प्रेम का संदेश देता है। हालांकि वर्ष 2026 में होलिका दहन और रंगवाली होली की तारीख को लेकर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
पंचांग के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा तिथि 2 मार्च 2026 को शाम 5 बजकर 55 मिनट से शुरू होकर 3 मार्च 2026 को शाम 5 बजकर 7 मिनट तक रहेगी। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक होलिका दहन हमेशा भद्रा रहित प्रदोष काल में किया जाता है। इस वर्ष 2 मार्च को भद्रा का प्रभाव होने के कारण उस दिन होलिका दहन नहीं किया जाएगा।
ज्योतिष विशेषज्ञों के अनुसार भद्रा का समय 3 मार्च को तड़के लगभग 4:30 बजे तक रहेगा। इसलिए शुभ मुहूर्त भद्रा समाप्त होने के बाद ही माना जाएगा। ऐसे में होलिका दहन 3 मार्च की सुबह ब्रह्म मुहूर्त यानी 5:05 बजे से 5:55 बजे के बीच करना शुभ रहेगा। कुछ परंपराओं में भद्रा की पूंछ के समय भी दहन किया जाता है, जिसका मुहूर्त 3 मार्च को रात 1:25 बजे से 2:35 बजे तक बताया गया है।
होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार हिरण्यकश्यप की बहन होलिका ने भक्त प्रह्लाद को जलाने का प्रयास किया था, लेकिन भगवान विष्णु की कृपा से प्रह्लाद सुरक्षित रहे और होलिका स्वयं अग्नि में भस्म हो गई।
होलिका दहन के अगले दिन रंगवाली होली मनाई जाती है। इस साल रंगों की होली 4 मार्च 2026 को मनाई जाएगी। इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग, अबीर और गुलाल लगाकर शुभकामनाएं देते हैं तथा घरों में गुजिया, मालपुआ और अन्य पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं।
होली केवल रंगों का उत्सव नहीं बल्कि सामाजिक मेल-मिलाप, खुशियों और सकारात्मकता का पर्व भी है, जो जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है।