लखनऊ: राजधानी में बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इंदिरा नगर इलाके में सक्रिय इस गैंग के सदस्य पहले कार और बाइक से घूमकर बंद घरों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही ताला तोड़कर घर में घुसते और सोने-चांदी के जेवर समेत कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने पांच चोरों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वैलर को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि इंदिरा नगर में लगातार दोपहर के वक्त बंद मकानों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। सुराग मिलने के बाद अर्जुन पाण्डेय उर्फ ईशु पाण्डेय, मोहम्मद सिराज उर्फ राजू, बबलू उर्फ मनोज, अरविन्द यादव उर्फ धरविन्द्र यादव और अखिलेश कुमार गौतम को गिरफ्तार किया गया।
ऐसे बनाते थे चोरी का प्लान
आरोपी दिन के समय इलाके में घूमकर उन घरों की तलाश करते थे, जिन पर ताला लगा होता था। घर के आसपास किसी व्यक्ति के मौजूद नहीं होने की पुष्टि के बाद गिरोह के सदस्य वारदात को अंजाम देते थे। इसके बाद चोरी किए गए जेवर और अन्य सामान को चौक इलाके के एक ज्वैलर को बेच दिया जाता था।
पुलिस ने जांच के दौरान चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वैलर दुर्गा शंकर वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी दुकान पर कार्रवाई के दौरान पुलिस को चोरी का माल बरामद हुआ।
जेवर के साथ औजार और गाड़ी भी मिली
पुलिस ने आरोपियों के पास से 52,400 रुपये नकद, सोने की चेन, टॉप्स, लॉकेट और अंगूठियां बरामद की हैं। इसके अलावा 10 चांदी की पायल भी मिली हैं।
वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले छैनी, प्लास, सब्बल, हथौड़ी और कुल्हाड़ी जैसे औजार भी पुलिस ने बरामद किए हैं। रेकी और चोरी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक चार पहिया गाड़ी को भी कब्जे में लिया गया है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग ने लखनऊ के किन-किन इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।