उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर-पीपलकोटी में THDC की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने टनल के अंदर जाकर भी स्थिति देखी और रेस्क्यू टीमों से जरूरी जानकारी ली।
टनल में कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा THDC की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन TRT टनल में हुआ। करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल के लगभग 1.5 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भर गया।
हादसे के समय टनल में 22 लोग मौजूद थे। शुक्रवार को सामने आई जानकारी के मुताबिक 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। तीन लोगों की तलाश अभी जारी है।
सीएम धामी ने दिए रेस्क्यू तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और उपलब्ध संसाधनों के साथ तकनीकी विशेषज्ञता का भी पूरा इस्तेमाल किया जाए।
सीएम धामी ने NDRF, SDRF, ITBP, पुलिस और अन्य बचाव टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। उनका जोर टनल में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर रहा।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
रेस्क्यू किए गए घायलों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों के इलाज के साथ उनके परिजनों की मदद और घटनास्थल पर जरूरी व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। बचाव अभियान को सावधानी और पूरी गंभीरता के साथ जारी रखने को कहा गया है।
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
घटनास्थल पर मुख्यमंत्री के साथ प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत प्रशासन की टीम भी रेस्क्यू अभियान की निगरानी में जुटी रही।