संसद के मौजूदा मानसून सत्र में जारी गतिरोध को समाप्त करने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने, सदन में जारी डेडलॉक समाप्त करने तथा महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वह इंडिया गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद सरकार से आगे की चर्चा करेंगे। वहीं, सरकार का मानना है कि विधेयक पारित कराने के लिए उसके पास पर्याप्त संख्या बल मौजूद है, लेकिन लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाए रखने के लिए वह कांग्रेस सहित प्रमुख विपक्षी दलों को भी साथ लेकर चलना चाहती है।
बातचीत के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि उनकी राहुल गांधी के साथ सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उन्हें दुश्मनी में नहीं बदलना चाहिए। रिजिजू ने कहा, “हम राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं, लेकिन दुश्मन नहीं हैं। राष्ट्रीय हित में सभी दलों को मिलकर काम करना चाहिए।”
उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार विपक्षी सांसद सदन में चर्चा करने के बजाय बाहर नारेबाजी में व्यस्त रहते हैं। रिजिजू ने कहा कि गृह मंत्री और प्रधानमंत्री लगातार संसद में उपस्थित रहते हैं और सरकार विधायी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा में कई विधेयक विस्तृत चर्चा के बाद पारित हुए हैं और अनेक सांसदों ने अपनी राय भी रखी है।
रिजिजू ने दावा किया कि संसद नहीं चलने का सबसे अधिक नुकसान कांग्रेस के नए सांसदों को हो रहा है, क्योंकि उन्हें सदन में अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार शिक्षा, परीक्षा प्रणाली और अन्य जनहित के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है, जबकि विपक्ष हंगामे की राजनीति कर रहा है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार और विपक्ष के बीच होने वाली आगामी बैठकों के बाद संसद की कार्यवाही सामान्य हो पाएगी या नहीं।