लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के युवाओं के समग्र विकास के लिए एक व्यापक और भविष्य उन्मुख युवा नीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय में युवाओं की आकांक्षाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी नीति बनाई जाए, जो शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, डिजिटल सशक्तीकरण, खेल और नेतृत्व जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों को समाहित करे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञों की भागीदारी वाला एक स्वतंत्र राज्य युवा आयोग गठित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई युवा नीति तैयार करने से पहले प्रदेश के 16 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की अपेक्षाओं, जरूरतों और सुझावों को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शोधार्थियों, स्टार्टअप उद्यमियों, युवा पेशेवरों और विभिन्न वर्गों के युवाओं से व्यापक स्तर पर सुझाव लिए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सार्वजनिक डोमेन के माध्यम से भी सुझाव आमंत्रित किए जाएं ताकि नीति जमीनी जरूरतों के अनुरूप तैयार हो सके।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए संचालित सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रत्येक पात्र युवा तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि युवा नीति में शिक्षा, रोजगार, नवाचार, संस्कृति, स्वास्थ्य, खेल और नेतृत्व विकास को समान महत्व दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा, ड्रोन और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में कौशल विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक जिले में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने, यूथ इन्क्यूबेशन सेंटर विकसित करने तथा एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से करियर गाइडेंस, छात्रवृत्ति, रोजगार और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसका विस्तार विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों तक किया जाए। साथ ही आईएएस, आईपीएस अधिकारियों और अन्य विशेषज्ञों की सहभागिता बढ़ाई जाए ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।
खेलों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान, प्रत्येक विकास खंड में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, प्रत्येक जिले में खेल उत्कृष्टता केंद्र और प्रत्येक मंडल में हाई परफॉर्मेंस सेंटर विकसित किए जाएं। उन्होंने आधुनिक पुस्तकालयों, अध्ययन केंद्रों और रीडिंग स्पेस के विस्तार पर भी जोर दिया, ताकि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई युवा नीति युवाओं को आत्मनिर्भर, कुशल और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।