ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से मानवता और पिता के त्याग की एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां महानदी में डूब रहे अपने 14 वर्षीय बेटे की जान बचाने के लिए एक पिता ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी। पिता ने बेटे को बचाने की हर संभव कोशिश की और आखिरकार बेटे की जान तो बच गई, लेकिन खुद तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में लापता हो गए। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद उनका शव बरामद किया गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय ईश्वर बारिक के रूप में हुई है, जो पारादीप लॉक थाना क्षेत्र के निमिडिही गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, रविवार को ईश्वर बारिक अपने 14 वर्षीय बेटे निनु बारिक और गांव के अन्य लोगों के साथ कांवड़ यात्रा के लिए महानदी से जल लेने गए थे। सभी लोग पारादीप के बाहरी क्षेत्र स्थित भूतमुंडई पुल के पास नदी किनारे पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जल भरने के दौरान निनु नदी में उतर गया। इसी बीच तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में बहने लगा। बेटे को डूबता देख ईश्वर बारिक ने एक पल भी देर नहीं की और सीधे नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने अपने बेटे तक पहुंचने की पूरी कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि दोनों ही पानी की धारा में बहने लगे।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद लोगों ने निनु को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन ईश्वर बारिक तेज धारा में लापता हो गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
कुजंग अग्निशमन केंद्र के लीडिंग फायरमैन जगन्नाथ पंडा ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले बेटे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण नदी का बहाव बेहद तेज था, जिससे रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगभग तीन घंटे की लगातार तलाश के बाद ईश्वर बारिक का शव नदी से बरामद किया गया।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। गांव के लोग ईश्वर बारिक के साहस और बेटे के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि बारिश और बाढ़ के दौरान नदी-नालों के पास अत्यधिक सतर्कता बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।