राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला में SIT की रिपोर्ट में बड़े खुलासे

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा चोरी प्रकरण में सार्वजनिक हुई एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट की एक-एक लाइन में ऐसी जानकारियां सामने आई हैं, जो यह संकेत देती हैं कि मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी चोरी कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि इसे सुनियोजित तरीके से लंबे समय तक अंजाम दिया गया।

 

एसआईटी जांच में सामने आया है कि जेल में बंद आरोपितों ने अलग-अलग तारीखों में बार-बार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। जांच एजेंसियों के मुताबिक चोरी करना आरोपितों की आदत बन चुकी थी। यही वजह है कि अब एसआईटी गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की 45 दिन से पहले की रिकॉर्डिंग का बैकअप लेने की कोशिश कर रही है, ताकि पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

 

जांच रिपोर्ट के अनुसार आरोपितों की मंदिर परिसर में मजबूत पकड़ थी। वे गुट बनाकर चढ़ावे की गणना करते थे और बिना किसी डर के मंदिर के अंदर-बाहर आते-जाते थे। सीसीटीवी फुटेज में कई ऐसी गतिविधियां कैद हुईं, जिनमें कर्मचारी एक-दूसरे की मदद करते नजर आए। एक कर्मचारी कैमरे की नजर से बचने की कोशिश करता था, जबकि दूसरा नोटों की गड्डियों को अपने कपड़ों और जूतों तक में छिपाता दिखाई दिया।

 

एसआईटी के मुताबिक 27 अप्रैल से 5 मई 2026 तक के सीसीटीवी फुटेज में गणना कक्ष के अंदर और बाहर कई बार ऐसी घटनाएं सामने आईं, जिनमें आरोपित खुले नोट और नकदी की गड्डियां छिपाते नजर आए। ट्रस्ट प्रतिनिधियों की ओर से उपलब्ध कराए गए कुछ फुटेज में भी आरोपितों को धनराशि छिपाते हुए देखा गया।

 

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपितों की नकदी तक सीधी पहुंच थी। वे नोटों की गड्डियों के पास बैठते थे और मोबाइल फोन व निजी सामान भी वहीं रखते थे। सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि प्रवेश और बाहर निकलते समय उनकी नियमित तलाशी नहीं होती थी, जिसका फायदा उठाकर वे चढ़ावे की धनराशि पर हाथ साफ करते रहे।

 

इस मामले में अनुकल्प मिश्रा, अविनाश, रमाशंकर मिश्रा, लवकुश, रमाशंकर टिन्नू समेत आठ आरोपित जेल में बंद हैं। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की जानकारी पहले ही मिल गई थी। एसबीआई अधिकारियों ने कुछ कर्मचारियों को हटाने की बात कही थी, लेकिन इस पर निर्णय नहीं लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *