राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: 3 आरोपियों की एक दिन की पुलिस रिमांड

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय की एक दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर ली गई है। हालांकि पुलिस ने अदालत से सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने फिलहाल एक दिन की रिमांड की अनुमति दी है। बुधवार सुबह तीनों आरोपियों को जेल से पुलिस कस्टडी में लेकर पूछताछ की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान सबसे बड़ा फोकस आरोपियों के बैंक खातों की जांच पर रहेगा। जांच एजेंसियों को बैंक खातों की जानकारी मिल चुकी है और अब यह पता लगाया जाएगा कि खातों में जमा बड़ी रकम कहां से आई। पुलिस को शक है कि मंदिर के चढ़ावे से गबन की गई राशि का कुछ हिस्सा बैंक खातों में जमा कराया गया था।

जांच के दौरान तीनों आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में नकदी भी बरामद हुई थी। पुलिस के अनुसार, लवकुश मिश्रा के पास से 14.25 लाख रुपये, अनुकल्प मिश्रा के पास से 16.82 लाख रुपये और करुणेश पांडेय के पास से 18.07 लाख रुपये बरामद किए गए थे। अब पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि यह रकम वैध आय से आई या चोरी किए गए पैसों से जमा की गई।

करुणेश पांडेय के मामले में जांच और भी गहराई से की जाएगी। उसके पिता ने दावा किया था कि उसकी पत्नी के बैंक खाते में करीब 18 लाख रुपये थे। पुलिस अब यह पता लगाएगी कि यह रकम उसके खाते में कैसे पहुंची और इसका वास्तविक स्रोत क्या है।

वहीं, मामले के एक अन्य आरोपी अविनाश शुक्ला ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने गबन की रकम में से करीब 19 लाख रुपये अपने रिश्तेदारों और दोस्तों पर खर्च किए। उसने बताया कि अपने एक भाई की शादी में लगभग 6 लाख रुपये खर्च किए, जबकि दूसरे भाई को 5 लाख रुपये दिए थे। पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है और खर्च किए गए पैसों का पूरा हिसाब जुटाने में लगी है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बैंक रिकॉर्ड, लेन-देन और पूछताछ के आधार पर मामले में कई नए खुलासे हो सकते हैं। साथ ही यह भी संभावना जताई जा रही है कि रिमांड के दौरान चोरी की रकम या उससे खरीदी गई अन्य संपत्तियों की बरामदगी भी हो सकती है। मामले की जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *