अयोध्या जिले के दक्षिणगांव क्यार, पूरे भवानी माजरा और मंजगांव गांवों में बुधवार की सुबह उस समय दहशत फैल गई जब एक सियार ने अचानक हमला कर चार महिलाओं को घायल कर दिया। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों की सूचना पर फॉरेस्ट विभाग की टीम तुरंत गांव पहुंची और पूरे इलाके में सियार की तलाश के लिए अभियान शुरू किया।
दक्षिणगांव क्यार के रहने वाले सत्यप्रकाश ने बताया कि उनकी पत्नी शिवलली (65) और पड़ोसी सत्यदेव की पत्नी राजपति (50) सुबह खेतों में काम कर रही थीं। तभी झाड़ियों से निकले एक सियार ने दोनों पर हमला कर दिया। महिलाओं के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिसके बाद सियार वापस झाड़ियों की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने दोनों को तुरंत पास के CHC बाजार शुकुल पहुंचाया।
इसी दौरान पूरे भवानी माजरा मंजगांव के रहने वाले इंद्रजीत यादव की पत्नी कृष्णावती (45) पर भी सियार ने हमला कर दिया, जब वह घर से सड़क की ओर जा रही थीं। हाथ-पैर और कंधे पर गहरी चोटें आने के बाद उन्हें भी CHC में भर्ती कराया गया।
कुछ देर बाद गांव की शिवप्यारी (60) चारा लेने खेतों में गईं, जहां सियार ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाकी तीन महिलाओं का उपचार स्थानीय CHC में जारी है।
लगातार हो रहे हमलों से गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गांव के आसपास जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे लोग खेतों में जाने से कतराने लगे हैं।
फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर मुसाफिरखाना ज्योतिर्मय शुक्ला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विभाग की टीम गांव भेज दी गई। फॉरेस्ट इंस्पेक्टर पंकज कुमार टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टीम सियार को पकड़ने के लिए ट्रैपिंग उपकरण और नेट भी इस्तेमाल कर रही है।
फॉरेस्ट विभाग ने गांव वालों को सतर्क रहने, अकेले खेतों में न जाने और बच्चों को घर से दूर न भेजने की सलाह दी है। साथ ही, किसी भी तरह की हलचल दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।