सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में हॉस्टल संचालक मनोज शुक्ला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में एक अस्पताल की नर्स समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मनोज शुक्ला से रंजिश के चलते नर्स ने उनकी हत्या कराने के लिए दो शूटरों को 50 हजार रुपये की सुपारी दी थी।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास झाड़ियों में मनोज शुक्ला का शव मिला था। मामले की जांच महमूदाबाद कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने मिलकर की। जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने नर्स जय देवी और बाराबंकी के रहने वाले दो आरोपियों, राजू और विनोद, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि जय देवी और मनोज शुक्ला के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि मनोज ने अस्पताल और उससे जुड़े मामलों को लेकर कई शिकायतें और आरटीआई लगाई थीं। इसी बात से नाराज होकर जय देवी ने हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, नर्स ने दोनों शूटरों को हत्या के लिए 50 हजार रुपये देने का सौदा किया था। इसमें से 30 हजार रुपये पहले दिए गए, जबकि बाकी 20 हजार रुपये हत्या के बाद देने का वादा किया गया था। आरोपियों ने मनोज शुक्ला को लकड़ी के डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे, मृतक की फोटो, एक बाइक, दो मोबाइल फोन और 12 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों से भी आरोपियों के बीच संपर्क और साजिश की पुष्टि हुई है।
फिलहाल तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे भी जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस हत्या की साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। अदालत में पेश किए जाने वाले साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही, संबंधित संस्थानों से जुड़े शिकायतों और विवादों की भी जांच की जा रही है।