मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, महाराष्ट्र-बिहार समेत कई राज्यों में अगले 5 दिन झमाझम बारिश के आसार

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राष्ट्रीय

नई दिल्ली। देशभर में मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में कई राज्यों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है और अब यह अरब सागर से होते हुए हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारिपदा, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान मॉनसून महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों, कर्नाटक के शेष क्षेत्रों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आगे बढ़ सकता है। इसके साथ ही इन राज्यों में अच्छी बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

इस बीच राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने मौसम सुहावना बना दिया। बारिश के बाद तापमान में कमी दर्ज की गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने और शाम तक फिर से बारिश होने की संभावना जताई है।

वहीं राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में रविवार को बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। जयपुर जिले के चौमूं में सबसे अधिक 44 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 23 मिलीमीटर और भीलवाड़ा में 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

हालांकि बारिश के बीच राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। फलौदी राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 41.2, बाड़मेर में 41.1 और चूरू में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से ताजा मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने और बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *