जेवर एयरपोर्ट के लिए किसानों ने पहले कर दिया था इनकार

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ नोएडा न्यूज़

लखनऊ/नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत हो गई। इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन किसानों से मुलाकात की, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी। इस दौरान सीएम योगी ने वह दिलचस्प किस्सा भी साझा किया, जब किसानों ने शुरुआत में एयरपोर्ट के लिए जमीन देने से साफ इनकार कर दिया था।

सोमवार को इंडिगो एयरलाइंस की पहली फ्लाइट लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद जेवर से लखनऊ के लिए रवाना हुई पहली उड़ान में 172 किसान भी शामिल रहे। ये वही किसान हैं, जिनकी जमीन पर आज देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में से एक खड़ा हो रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि जब उनकी सरकार ने जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने का फैसला लिया था, तब जमीन अधिग्रहण सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने अधिकारियों को 100 दिनों के भीतर प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया था, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी कोई खास प्रगति नहीं हुई।

इसके बाद मुख्यमंत्री खुद किसानों से मिलने पहुंचे। उन्होंने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में करीब 100 किसानों के साथ बैठक की। सीएम ने बताया कि जब उन्होंने किसानों से एयरपोर्ट के लिए जमीन देने की बात कही, तो जवाब मिला, “हम जमीन नहीं देंगे।”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने किसानों को समझाया कि यह एयरपोर्ट सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला विकास का बड़ा अवसर है। उन्होंने किसानों से कहा कि “यह एयरपोर्ट आपकी तकदीर बदल देगा।” साथ ही गांव के बुजुर्गों से बातचीत कर उन्हें विकास के नए मॉडल का महत्व समझाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों ने उस समय सरकार पर भरोसा किया और उसका नतीजा आज सबके सामने है। 13 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में चार चरणों में विकसित हो रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण पूरा हो चुका है और अब यहां से नियमित उड़ानें शुरू हो गई हैं।

उन्होंने कहा कि यह किसानों के विश्वास, सरकार की प्रतिबद्धता और विकास की सोच का परिणाम है। जेवर एयरपोर्ट न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे प्रदेश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और निवेश को नई गति देने का काम करेगा। मुख्यमंत्री ने किसानों को इस उपलब्धि का असली भागीदार बताते हुए उनका आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *