बकरीद से पहले बढ़ीं इरफान सोलंकी की मुश्किलें

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

बकरीद से ठीक पहले समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी एक नए विवाद में घिर गए हैं। कानपुर के चमनगंज इलाके स्थित हलीम ग्राउंड में लगने वाली बकरा मंडी में हुए विवाद के बाद उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

 

इस घटना के बाद शहर का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। खास बात यह रही कि विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय मुस्लिम व्यापारियों और समर्थकों ने भी पूर्व विधायक के खिलाफ नारेबाजी की।

जानकारी के मुताबिक बकरीद के चलते इन दिनों हलीम ग्राउंड की बकरा मंडी में भारी भीड़ जुट रही है। मंगलवार देर रात पूर्व विधायक इरफान सोलंकी अपने कुछ समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मंडी पहुंचे थे।

इसी दौरान मंडी कमेटी से जुड़े लोगों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर हंगामा शुरू हो गया और मंडी के गेट बंद कर प्रदर्शन किया गया।

बकरा बाजार कमेटी के सदस्य वफा अब्बास ने आरोप लगाया कि इरफान सोलंकी और उनके साथियों ने उनसे रंगदारी मांगी। उनका दावा है कि मंडी संचालन के नाम पर तीन लाख रुपये की मांग की गई थी।

विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उन्होंने लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये से भरा बैग छीनने का भी आरोप लगाया है।

हालांकि पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें मंडी में अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं।

इसी वजह से वह अपनी पत्नी और वर्तमान विधायक नसीम सोलंकी के साथ वहां पहुंचे थे। इरफान का आरोप है कि जब उन्होंने कथित अवैध वसूली का विरोध किया तो कुछ लोग उनके सुरक्षा कर्मियों से भिड़ गए और सरकारी कार्बाइन छीनने की कोशिश की गई।

घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और पूर्व विधायक के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वफा अब्बास की तहरीर पर इरफान सोलंकी और उनके सहयोगियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और गाली-गलौज की धाराओं में FIR दर्ज हुई है।

 

वहीं दूसरी ओर विधायक नसीम सोलंकी के गनर की शिकायत पर वफा अब्बास समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *