कानपुर क्लब में सिख युवक से मारपीट, दस्तार का अपमान

उत्तर प्रदेश कानपुर टॉप -न्यूज़ न्यूज़

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सिख युवक के साथ कथित मारपीट और धार्मिक अपमान का मामला सामने आने के बाद माहौल गरमा गया है। शहर के चर्चित स्टूडियो XO क्लब में हुई इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित युवक वंश भाटिया के अनुसार, वह देर रात क्लब में आयोजित एक पार्टी से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर युवक को घेरकर मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावर नशे की हालत में थे और उन्होंने बिना किसी वजह के हमला किया। युवक ने बताया कि आरोपियों ने न सिर्फ उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की, बल्कि उनकी दस्तार उतार दी और बाल पकड़कर खींचे। सिख समुदाय में दस्तार को सम्मान और धार्मिक पहचान का प्रतीक माना जाता है, ऐसे में इस घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।

वंश भाटिया ने मुख्य आरोपी की पहचान दैहिक गुप्ता के रूप में की है। उनका कहना है कि पहले कभी किसी आरोपी से कोई विवाद नहीं हुआ था। पीड़ित ने यह भी दावा किया कि वह किसी तरह के झगड़े में शामिल नहीं थे और न ही शराब के नशे में थे।

घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वायरल फुटेज में कुछ युवक कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने पीड़ित की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और वीडियो फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। शहर में इस घटना को लेकर चिंता और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *