असम में दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे हिमंता बिस्वा सरमा,

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राजनीती राष्ट्रीय

असम में नई सरकार के गठन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बीजेपी नेता हिमंत बिस्वा सरमा आज दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनकी सरकार का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करना होगा। उन्होंने मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव का नाम लेते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से असम विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

गुवाहाटी में होने वाले इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी और एनडीए के कई बड़े नेता शामिल होंगे। इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम गुवाहाटी के खनापारा स्थित वेटरिनरी कॉलेज मैदान में सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर आयोजित किया जाएगा।

शपथ से पहले हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव के आशीर्वाद से असम के लोगों का जीवन सुख, शांति और खुशहाली की ओर आगे बढ़ेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में असम विकास के नए रिकॉर्ड बनाएगा और राज्य तेजी से आगे बढ़ेगा।

मीडिया से बातचीत में हिमंत सरमा ने कहा कि शपथ लेने के बाद सबसे पहले कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक में सरकार की प्राथमिकताओं और आने वाले समय की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने चुनाव के दौरान जो घोषणा पत्र जारी किया था, उसे पूरी गंभीरता और ईमानदारी के साथ लागू किया जाएगा। सरकार रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान देगी।

बता दें कि हाल ही में हुए असम विधानसभा चुनाव में एनडीए ने शानदार जीत हासिल की थी। 126 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए को कुल 102 सीटें मिलीं। इनमें बीजेपी ने अकेले 82 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं सहयोगी दल AGP और BPF को 10-10 सीटें मिलीं। विपक्षी दल कांग्रेस गठबंधन को केवल 19 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

हिमंत बिस्वा सरमा को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनकर वह असम की राजनीति में नया इतिहास रचने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *