कर्नाटक की राजनीति से जुड़े चर्चित बीजेपी नेता योगेश गौड़ा हत्याकांड में बड़ा फैसला सामने आया है। अदालत ने कांग्रेस विधायक Vinay Kulkarni को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही 16 अन्य दोषियों को भी आजीवन कारावास की सजा दी गई है। यह मामला वर्ष 2016 में हुए बीजेपी नेता योगेश गौड़ा की हत्या से जुड़ा है।
धारवाड़ जिला पंचायत के पूर्व सदस्य और बीजेपी नेता योगेश गौड़ा की 15 जून 2016 को धारवाड़ के सप्तपुर स्थित एक जिम में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उस समय विनय कुलकर्णी मंत्री पद पर थे। जानकारी के अनुसार, भाड़े के हमलावरों ने जिम में घुसकर योगेश गौड़ा पर हमला किया और उनकी हत्या कर दी।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए 2019 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी थी। सीबीआई ने 2020 में पूरक आरोपपत्र दाखिल करते हुए विनय कुलकर्णी को हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड बताया। जांच एजेंसी के अनुसार, कुलकर्णी योगेश गौड़ा को अपना राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानते थे और उन्हें रास्ते से हटाने के लिए भाड़े के हमलावरों का इस्तेमाल किया गया।
सीबीआई ने अदालत से कुलकर्णी के लिए बिना किसी छूट के उम्रकैद की मांग की थी। अदालत ने सुनवाई के बाद 17 आरोपियों को हत्या, साजिश, सबूत नष्ट करने और अपराधियों को बचाने का दोषी पाया। 16 दोषियों को दोहरी उम्रकैद की सजा सुनाई गई, जबकि एक पुलिस अधिकारी को सबूत मिटाने के आरोप में 7 साल की कठोर कैद मिली।