प्रेमिका की हत्या करने वाला आरोपी ‘हाफ एनकाउंटर’ में गिरफ्तार,

अपराध उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

Fatehpur के सदर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई प्रेमिका की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। कौडेरवा गांव में इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी सोनू लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।

पुलिस के अनुसार, चौफेरवा इलाके के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर रहा है। उस पर पहले से पॉक्सो समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। करीब तीन साल पहले उसने एक किशोरी का अपहरण कर गैंगरेप किया और उसे कुएं में फेंक दिया था। इस मामले में वह जेल गया, लेकिन बाद में जमानत पर बाहर आ गया था।

जेल से बाहर आने के बाद उसने गांव की एक महिला से संबंध बनाए और उसका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने महिला से धीरे-धीरे पैसे और जेवर हड़प लिए। पीड़िता ने फरवरी में थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया था।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी ने महिला पर सुलह का दबाव बनाया, लेकिन जब उसने अपने पैसे और जेवर वापस मांगे, तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने उसे चाकू से गोदकर हत्या कर दी और फरार हो गया।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले से ही दबंग प्रवृत्ति का था और लोगों को धमकाकर जमीनों पर कब्जा करने की कोशिश करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *