उत्तर प्रदेश के Gorakhpur में मंगलवार को हुई सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले राजकुमार चौहान की बदमाशों ने गोली मारकर और चाकू से हमला कर हत्या कर दी।
घटना सुबह उस समय हुई जब राजकुमार रोज की तरह टहलने निकले थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, चार हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे। जैसे ही राजकुमार वहां पहुंचे, बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले गोली चलाई और फिर चाकुओं से कई वार किए। घायल अवस्था में राजकुमार ने बचने की कोशिश की और कुछ दूरी तक भागे भी, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा कर दोबारा हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद भी हमलावर कुछ देर तक मौके पर ही मौजूद रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वे तब तक वहीं बैठे रहे जब तक उन्हें यह यकीन नहीं हो गया कि राजकुमार की मौत हो चुकी है। इसके बाद वे आराम से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल को तुरंत BRD Medical College ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
प्राथमिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।