राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के लिए नए दिशा-निर्देश

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मंदिर परिसर की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कुछ महत्वपूर्ण नियम लागू किए हैं। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि इन नियमों का उद्देश्य मंदिर परिसर में अनुशासन बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में मोबाइल फोन लेकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार के हथियार को परिसर के अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंसी रिवॉल्वर, तलवार या बंदूक जैसे हथियार भी मंदिर परिसर में नहीं लाए जा सकेंगे।

चंपत राय ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति निजी सुरक्षा कर्मियों के साथ मंदिर परिसर में आता है, तो उन सुरक्षा कर्मियों को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यह नियम सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है।

हालांकि ट्रस्ट ने सिख समुदाय की धार्मिक परंपरा का सम्मान करते हुए उन्हें छोटी किरपान पहनकर प्रवेश की अनुमति दी है। चंपत राय ने बताया कि यह अनुमति केवल उन लोगों के लिए होगी जो कानूनी रूप से किरपान धारण करते हैं।

इसी के साथ ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाओं की भी घोषणा की है। 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि का पर्व शुरू होने जा रहा है और इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना है।

नवरात्रि के अवसर पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में विशेष खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें फल, मखाना, मूंगफली और आलू के चिप्स जैसे व्रत के अनुकूल खाद्य पदार्थ शामिल होंगे। इसका उद्देश्य यह है कि व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा हो।

इसके अलावा मंदिर परिसर में पीने के पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभा स्थल के पास शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

ट्रस्ट के अनुसार अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए समय-समय पर नए दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। मंदिर में प्रवेश के लिए निर्धारित द्वारों की जानकारी भी जल्द साझा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *