अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और विकास की नई तस्वीर को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए योगी सरकार दीपोत्सव-2026 को रचनात्मकता से जोड़ रही है। इसके तहत उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग चित्रकला और रील मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। इन प्रतियोगिताओं में देशभर के प्रतिभागियों को अपनी कला और कल्पनाशीलता के माध्यम से रामनगरी के गौरवशाली अतीत, आधुनिक विकास और दीपोत्सव की भव्यता को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। दोनों प्रतियोगिताओं में सभी आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकते हैं। आवेदन और प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता के विजेताओं को दीपोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा।
– विरासत और विकास को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने की पहल
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। रामनगरी आज अपनी धार्मिक पहचान के साथ आधुनिक विकास और सांस्कृतिक गौरव की नई मिसाल प्रस्तुत कर रही है। चित्रकला और रील मेकिंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से कलाकारों और युवाओं को इस बदलाव को रचनात्मक तरीके से सामने लाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य अयोध्या की परंपराओं, ऐतिहासिक महत्व और विकास यात्रा को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाना है। डिजिटल माध्यमों और कला के जरिए रामनगरी की विशिष्ट पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूती मिल सकती है।