मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच एक तेल टैंकर पर हुए हमले में भारतीय नागरिक की मौत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह हमला इराक के समुद्री क्षेत्र में एक अमेरिकी स्वामित्व वाले जहाज पर किया गया था।
सूत्रों के अनुसार हमले के दौरान जहाज पर मौजूद चालक दल में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था, जिसकी इस घटना में जान चली गई। जहाज पर मौजूद अन्य 27 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हमले का यह मामला उस समय सामने आया है जब क्षेत्र में Iran और Israel के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच कई दिनों से सैन्य कार्रवाई जारी है और इसमें United States भी शामिल बताया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार जिस जहाज को निशाना बनाया गया वह अमेरिकी स्वामित्व का तेल टैंकर था, जो इराक के खोर अल जुबैर बंदरगाह के पास मौजूद था। जहाज पर हमला कथित तौर पर एक आत्मघाती नाव से किया गया। समुद्री विशेषज्ञों का कहना है कि इस क्षेत्र में स्थित समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा व्यापार मार्गों में गिने जाते हैं। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस विभिन्न देशों तक पहुंचाई जाती है।
भारत के लिए यह घटना इसलिए भी चिंता की बात है क्योंकि वैश्विक शिपिंग उद्योग में भारतीय नाविकों की संख्या काफी अधिक है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने वाले समुद्री कर्मचारियों में बड़ी संख्या भारतीय नागरिकों की है। घटना के बाद भारत सरकार ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Randhir Jaiswal ने बताया कि क्षेत्र में हुई घटनाओं में कुछ भारतीय नागरिक प्रभावित हुए हैं और सरकार उनके परिवारों के संपर्क में है।
फिलहाल इस हमले के बाद समुद्री सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।