लखनऊ में बदला मौसम का मिजाज, तेज बारिश से जलभराव

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ लखनऊ न्यूज़

लखनऊ: नवाबों के शहर लखनऊ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। रविवार देर शाम हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन शहर के कई निचले और प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो गई। बारिश के बाद सोमवार सुबह चटक धूप निकलने से उमस और नमी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

चिनहट और सीतापुर रोड में सबसे ज्यादा बारिश

रविवार को हुई बारिश में चिनहट सबसे आगे रहा, जहां 51.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद सीतापुर रोड में 51 मिमी, काकोरी में 46.5 मिमी, लखनऊ सदर में 41.5 मिमी, राजभवन क्षेत्र में 23 मिमी और 1090 गोमतीनगर में 22.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। हालांकि, इस बारिश के कारण मानसून के दौरान अब तक हुई बारिश का औसत सामान्य स्थिति के करीब पहुंच गया है।

35 डिग्री के पार रहा तापमान, उमस ने बढ़ाई परेशानी

लखनऊ में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.9 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास बना हुआ है। दिन में आर्द्रता 95 फीसदी तक पहुंचने के कारण लोगों को गर्मी के साथ भारी उमस का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शाम के समय बादल घने होने पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे तापमान में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिर बढ़ी हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण बारिश का दौर तेज हो सकता है।

आने वाले 24 घंटों में यह सिस्टम ओडिशा की ओर बढ़ सकता है, जिसके चलते पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के कारण फिलहाल तेज बारिश की संभावना अपेक्षाकृत कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *