कई लोगों के लिए सुबह उठना ही सबसे मुश्किल काम बन जाता है। पूरी नींद लेने के बाद भी अगर उठते ही शरीर भारी लगे, कमजोरी महसूस हो और पूरे दिन सुस्ती बनी रहे, तो यह किसी गंभीर स्वास्थ्य संकेत की ओर इशारा कर सकता है। डॉक्टरों के अनुसार यह समस्या अक्सर शरीर में जरूरी विटामिन की कमी के कारण भी होती है।
सबसे पहले बात करें विटामिन D की, जो शरीर की हड्डियों और मांसपेशियों के लिए बेहद जरूरी माना जाता है। अगर शरीर में विटामिन D का स्तर कम हो जाए तो व्यक्ति को लगातार थकान, शरीर दर्द और जोड़ों में जकड़न जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इसके साथ-साथ कई बार मूड खराब रहना या मानसिक थकान महसूस होना भी इसी कमी का संकेत हो सकता है।
इसके अलावा विटामिन B12 की कमी भी शरीर की ऊर्जा को प्रभावित करती है। यह विटामिन हमारे नर्वस सिस्टम और ब्लड सेल्स के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी होने पर व्यक्ति को कमजोरी, चक्कर आना, हाथ-पैरों में झुनझुनी और याददाश्त में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई मामलों में सांस फूलना और त्वचा का पीला पड़ना भी इसके लक्षणों में शामिल है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि सही खान-पान से इन समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है। विटामिन D के लिए रोजाना कुछ समय धूप में बैठना बेहद जरूरी है। इसके अलावा दूध, दही, मशरूम और अंडे का सेवन भी शरीर में इस विटामिन की मात्रा बढ़ाने में मदद करता है।
वहीं विटामिन B12 की पूर्ति के लिए डेयरी उत्पाद, अंडे, सोया और सूखे मेवे जैसे बादाम को आहार में शामिल करना चाहिए। अगर इन सबके बावजूद भी थकान और कमजोरी बनी रहती है तो डॉक्टर से सलाह लेकर जांच करवाना जरूरी है।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। इसलिए अगर सुबह-सुबह लगातार थकान महसूस हो रही है तो इसे सामान्य समझकर अनदेखा न करें। समय पर ध्यान देने से कई बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।