गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या पारंपरिक अंदाज में नजर आई। जनता दर्शन के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने मंदिर परिसर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की।
उन्होंने गुरु गोरखनाथ का पूजन किया और महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद गोशाला में पहुंचकर गायों को नाम लेकर पुकारा। उनकी पुकार सुनते ही गोवंश उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री ने उन्हें दुलारा और गुड़-रोटी खिलाई।
‘भोले’ नामक नंदी को उन्होंने विशेष स्नेह दिया और उसके शरीर की सफाई के निर्देश भी दिए। गोशाला के कर्मचारियों को उन्होंने गोवंश की देखभाल में कोई कमी न रखने का संदेश दिया।
मंदिर परिसर में मोर को भी उन्होंने अपने हाथों से आहार खिलाया। सीएम योगी का यह आत्मीय और सादगीपूर्ण रूप श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा।