राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में युवाओं को समर्पित भव्य कार्यक्रम ‘युवा प्रतिभा सम्मान एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और युवा कल्याण एवं खेल मंत्री गिरीश यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा, “आज यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा… सब चंगा है।” मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, निवेश और पर्यटन के बढ़ते अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता के रास्ते खुले हैं।
सीएम योगी ने युवाओं से समाज के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि नशे का कारोबार समाज को खोखला कर रहा है। उन्होंने युवाओं से गांव, ब्लॉक और मोहल्ला स्तर पर नशे के खिलाफ अभियान चलाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी गोपनीय जानकारी प्रशासन को दें, ताकि दोषियों की संपत्ति जब्त कर उनके नेटवर्क को तोड़ा जा सके।
युवाओं को मिला प्रेरणा का संदेश
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को याद करते हुए कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा अवसरों की तलाश करने वाले नहीं, बल्कि अवसर सृजित करने वाले बन रहे हैं। सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है और इसमें किसी प्रकार की सिफारिश नहीं चलती।
पर्यावरण और जल संरक्षण पर जोर
सीएम योगी ने युवाओं से जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए भी आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि चेक डैम, अमृत सरोवर और नदियों के संरक्षण में युवाओं की भूमिका अहम है। साथ ही ‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ से जुड़कर स्थानीय स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने की बात कही।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी वन महोत्सव के दौरान प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें युवा और महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 21 करोड़ रुपये की लागत से बने पांच बहुउद्देश्यीय हालों का लोकार्पण किया और तीन ग्रामीण स्टेडियमों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि खेल और कौशल विकास से युवाओं को नई दिशा मिलेगी।