- बच्चों को मोबाइल नहीं, संस्कार दीजिए; सड़क, साइबर अपराध और विकास पर दिया सख्त संदेश
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर महोत्सव में शिरकत करते हुए जनता को सामाजिक, तकनीकी और सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर जागरूक किया। अपने संबोधन में सीएम योगी ने खासतौर पर बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और गोरखपुर के बदलते स्वरूप पर खुलकर बात की।
सीएम योगी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे बच्चों के हाथ में स्मार्टफोन देना भविष्य के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि मोबाइल की लत बच्चों को अवसाद यानी डिप्रेशन की ओर ले जा रही है। बच्चों को मोबाइल नहीं बल्कि पढ़ाई, संस्कार और खेल की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पढ़ना-लिखना सीखाने से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा पर भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और उसे साइलेंट मोड पर रखें। कान में ईयरफोन लगाकर वाहन चलाना भी दुर्घटनाओं को न्योता देता है। सीएम योगी ने कहा कि अच्छी सड़कों का मतलब यह नहीं कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया जाए, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और समय पर गंतव्य तक पहुंचाना है। सड़क दुर्घटनाएं आज एक बड़ी चुनौती हैं, जिनसे बचाव सभी की जिम्मेदारी है।
साइबर अपराध पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। शॉर्टकट से ज्यादा मुनाफा कमाने की लालच में लोग साइबर ठगों के जाल में फंस जाते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि सतर्क रहें, किसी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और ठगी से बचने के लिए जागरूक बनें।
गोरखपुर महोत्सव के मंच से सीएम योगी ने विपक्ष पर परोक्ष हमला करते हुए कहा कि कभी गोरखपुर का रामगढ़ ताल अपराधियों का गढ़ माना जाता था, लेकिन आज वह पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव मजबूत इच्छाशक्ति और सुशासन का परिणाम है। इंसेफलाइटिस जैसी भयावह बीमारी, जिसने वर्षों तक गोरखपुर के बच्चों की जान ली, उसे सरकार बनने के दो साल के भीतर समाप्त कर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को माफिया-मुक्त और दंगा-मुक्त बनाकर भयमुक्त वातावरण दिया गया है। आज प्रदेश में बेटियां बिना डर के स्कूल और बाजार जा सकती हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अगर कोई गुंडा या अपराधी कानून तोड़ने की कोशिश करेगा, तो उसे तुरंत सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
गोरखपुर के विकास पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले यहां बिजली, राशन, सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर समस्याएं थीं। तकनीक के इस्तेमाल से राशन व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। उन्होंने कहा कि आज का गोरखपुर, 2017 से पहले के गोरखपुर से बिल्कुल अलग है। अयोध्या, काशी, प्रयागराज और लखनऊ की तरह गोरखपुर ने भी अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब भय, अराजकता और पिछड़ेपन से निकलकर विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और भारत के साथ-साथ यूपी भी नई ऊंचाइयों को छू रहा है।