बॉलीवुड के सबसे चहेते कपल्स में से एक कैटरीना कैफ और विक्की कौशल ने आखिरकार अपने बेटे की पहली झलक फैन्स के साथ साझा कर दी है। लंबे समय से जिस पल का इंतजार किया जा रहा था, वह अब सोशल मीडिया पर भावनाओं के सैलाब के साथ सामने आ गया है। कैटरीना कैफ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बेटे के नन्हे हाथों की तस्वीर पोस्ट की, जिसने देखते ही देखते इंटरनेट पर दिल जीत लिया।
भावुक कैप्शन ने छू लिया दिल
कैटरीना ने अपने बेटे के छोटे से हाथ की तस्वीर के साथ बेहद भावुक कैप्शन लिखा – “हमारी उम्मीद की किरण।” इस एक लाइन ने फैन्स के दिल को छू लिया। तस्वीर में बच्चे का चेहरा नहीं दिखाया गया है, लेकिन नन्हे हाथों की मासूमियत ने हर किसी को भावुक कर दिया।
इसी पोस्ट के जरिए कैटरीना और विक्की ने अपने बेटे का नाम भी पहली बार सार्वजनिक किया। उन्होंने अपने बेटे का नाम विहान कौशल रखा है। जैसे ही नाम सामने आया, फैन्स और सेलेब्स ने कमेंट सेक्शन में प्यार और आशीर्वाद की बाढ़ ला दी।
सेलेब्स ने बरसाया प्यार
इस पोस्ट पर अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने कमेंट करते हुए लिखा, “लिटिल बडी”, वहीं कई अन्य फिल्मी सितारों और फैन्स ने दिल, नजर और आशीर्वाद वाले इमोजी के जरिए अपने जज्बात जाहिर किए। सोशल मीडिया पर यह तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है और फैन्स लगातार कपल को बधाइयां दे रहे हैं।
2025 में बने थे माता-पिता
गौरतलब है कि कैटरीना कैफ और विक्की कौशल के घर 7 नवंबर 2025 को खुशियां आई थीं। कैटरीना ने खुद एक पोस्ट के जरिए मां बनने की जानकारी दी थी। अब उनका बेटा करीब तीन महीने का हो चुका है। हालांकि, कपल ने अब तक बेटे का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया है और उसकी प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
कैटरीना और विक्की की शादी 9 दिसंबर 2021 को हुई थी और तब से दोनों को बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिना जाता है। दोनों की जोड़ी को फैन्स ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन बराबर प्यार देते हैं।
वर्क फ्रंट पर क्या कर रहे हैं कैटरीना-विक्की
कैटरीना कैफ बीते एक साल से फिल्मों से दूर हैं। प्रेग्नेंसी के चलते उन्होंने ब्रेक लिया था। उन्हें आखिरी बार 2024 में फिल्म “मैरी क्रिसमस” में देखा गया था, जबकि 2023 में वह “टाइगर 3” में नजर आई थीं। अब कैटरीना जल्द ही फरहान अख्तर की फिल्म “जी ले जरा” में दिखाई देंगी।
वहीं विक्की कौशल ने 2025 की शुरुआत में फिल्म “छावा” से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था। इसके अलावा वह जल्द ही रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ फिल्म “लव एंड वॉर” में नजर आने वाले हैं, जिसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।