- सांप्रदायिक तनाव के बीच भारत सीमा से सटे इलाकों में कर्फ्यू लागू
नेपाल में एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। भारत से सटे परसा जिले के बीरगंज शहर में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव और संभावित झड़पों को देखते हुए प्रशासन ने कर्फ्यू लागू कर दिया है। सोमवार को यह फैसला उस समय लिया गया, जब सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर हुए प्रदर्शन हिंसक रूप लेने की आशंका पैदा करने लगे। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए नेपाल पुलिस और सुरक्षा बलों को भारी संख्या में तैनात किया गया है।
सोमवार दोपहर से लागू हुआ कर्फ्यू
परसा जिला प्रशासन कार्यालय (DAO) ने बीरगंज महानगर के संवेदनशील इलाकों में सोमवार दोपहर एक बजे से कर्फ्यू लागू करने के आदेश जारी किए। यह कर्फ्यू अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कदम जरूरी था। कर्फ्यू लगते ही पुलिस ने संबंधित क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कर्फ्यू के दौरान किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस, प्रदर्शन या सार्वजनिक गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परसा जिले के मुख्य अधिकारी भोला दहाल के हस्ताक्षर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घरों में ही रहें।
https://sindhutimes.in/?p=21954
कर्फ्यू क्षेत्र की सीमाएं तय
प्रशासन ने कर्फ्यू प्रभावित क्षेत्र की सीमाएं भी स्पष्ट कर दी हैं। यह क्षेत्र पूर्व में बस पार्क इलाके से लेकर पश्चिम में सिरसिया ब्रिज तक फैला है। वहीं उत्तर दिशा में पावर हाउस चौक और दक्षिण में शंकराचार्य गेट तक कर्फ्यू लागू किया गया है। इन इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने कर्फ्यू के उल्लंघन को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। आदेश में कहा गया है कि जो भी व्यक्ति नियमों का पालन नहीं करेगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हालात सामान्य होने तक सख्ती जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।