SIR Draft Voter List: बरेली में एसआईआर की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राजनीती लखनऊ न्यूज़

बरेली जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद मतदाता सूची की पहली ड्राफ्ट सूची मंगलवार को जारी कर दी गई। इस सूची में कुल 26,91,067 मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, यह सूची घर-घर जाकर किए गए सत्यापन और सर्वे के आधार पर तैयार की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में 4 नवंबर से एसआईआर अभियान की शुरुआत की गई थी। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया। अभियान शुरू होने से पहले जिले की मतदाता सूची में 34,05,520 मतदाता पंजीकृत थे।

एसआईआर प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची का डिजिटाइजेशन कार्य 26 दिसंबर को पूरा हुआ। इसके बाद सभी आंकड़ों के सत्यापन के आधार पर ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार की गई, जिसका मंगलवार को प्रकाशन किया गया। प्रशासन का कहना है कि यह सूची अधिक शुद्ध और अद्यतन है।

https://sindhutimes.in/?p=21939 

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि वर्तमान ड्राफ्ट मतदाता सूची में 14,82,546 पुरुष मतदाता, 12,08,468 महिला मतदाता और 53 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सूची को पारदर्शी बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध करा दिया गया है। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 7,16,509 मतदाताओं को एएसडी (Absent, Shifted, Dead या Duplicate) श्रेणी में चिह्नित किया गया है। इसके अलावा 2,20,290 ऐसे मतदाता हैं, जिनका मैपिंग नहीं हो सका। प्रशासन इन सभी को नोटिस जारी करेगा ताकि उनकी स्थिति स्पष्ट की जा सके।

डीएम ने बताया कि जिले में कुल 2,35,139 मतदाताओं को ‘नो मैपिंग’ श्रेणी में रखा गया है। इन मामलों का निस्तारण 27 फरवरी तक किया जाएगा। यदि कोई मतदाता पात्र पाया जाता है, तो उसका नाम अंतिम सूची में जोड़ा जाएगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। 6 जनवरी से 6 फरवरी तक दावा और आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं। इसके बाद सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण कर 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *