यूपी में बिजली बिल होगा हल्का

उत्तर प्रदेश न्यूज़

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत बिजली उपभोक्ताओं  के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने जनवरी महीने के बिजली बिलों में 2.33 प्रतिशत की कटौती करने का आदेश जारी किया है। यह राहत फ्यूल सरचार्ज के समायोजन के कारण दी जा रही है।

दरअसल यूपी में बिजली की दरें हर महीने ईंधन लागत के आधार पर तय की जाती हैं। जब बिजली उत्पादन या खरीद की लागत कम होती है, तो उसका फायदा उपभोक्ताओं को फ्यूल सरचार्ज में कटौती के रूप में मिलता है।

कैसे मिलेगा लाभ

यूपीपीसीएल के आदेश के मुताबिक अक्टूबर महीने के ईंधन अधिभार का समायोजन जनवरी 2026 में किया जाएगा। इसके चलते एक महीने के लिए बिजली की दरें घटेंगी और उपभोक्ताओं को कम बिल चुकाना होगा। यह लाभ घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को मिलेगा।

अनुमान है कि इस फैसले से प्रदेश भर के बिजली उपभोक्ताओं को लगभग 141 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी। महंगाई के दौर में यह राहत आम जनता के लिए काफी अहम मानी जा रही है।

पहले क्यों बढ़ा था बिल?

बता दें कि इससे पहले सितंबर 2025 के फ्यूल सरचार्ज का भार दिसंबर महीने में उपभोक्ताओं पर डाला गया था। उस समय 5.56 प्रतिशत का फ्यूल सरचार्ज लगाया गया था, जिससे उपभोक्ताओं को करीब 264 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

बिजली कंपनियों के पास भारी सरप्लस

राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि बिजली कंपनियों के पास उपभोक्ताओं का भारी पैसा पहले से जमा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिजली कंपनियों के पास करीब 33,122 करोड़ रुपये का सरप्लस मौजूद है।

इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक लगभग 18,592 करोड़ रुपये का अतिरिक्त सरप्लस और जुड़ सकता है। इस तरह कुल सरप्लस की राशि 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाती है।

उपभोक्ताओं की उम्मीदें

उपभोक्ता संगठनों का कहना है कि इतनी बड़ी सरप्लस राशि होने के बावजूद बार-बार फ्यूल सरचार्ज लगाया जाना उचित नहीं है। उनका मानना है कि बिजली दरों में स्थायी कटौती की जानी चाहिए, ताकि आम जनता को लंबे समय तक राहत मिल सके।

फिलहाल जनवरी महीने में मिलने वाली 2.33 प्रतिशत की छूट को नए साल की सकारात्मक शुरुआत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *