उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में बुधवार को एक ऐसी घटना घटी, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जलालपुर दौदाखेड़ा कॉलोनी में रहने वाली दो सगी बहनों ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात दोनों की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका राधा (25) और जिया उर्फ शानू (22) थीं। दोनों बहनें लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थीं। परिजनों ने बताया कि घर में पाले गए कुत्ते की हालत काफी दिनों से खराब थी, जिसे लेकर दोनों बहनें अत्यधिक परेशान और भावनात्मक रूप से कमजोर हो गई थीं।
बुधवार दोपहर अचानक दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उन्होंने अपनी मां को आवाज देकर जानकारी दी। कुछ ही मिनटों में उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन तुरंत उन्हें रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में दोनों बहनों की हालत लगातार नाजुक बनी रही और देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एक साथ दो जवान बेटियों को खोने से माता-पिता पूरी तरह टूट चुके हैं। परिवार में मातम का माहौल है और रो-रोकर सभी का बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों बहनें मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और अवसाद में थीं। किसी तरह की बाहरी साजिश के संकेत फिलहाल नहीं मिले हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। कॉलोनी में शोक की लहर है और हर कोई इस त्रासदी से आहत है।