लाइफस्टाइल डेस्क: जैसे-जैसे सर्दियों की ठंड बढ़ती है, वैसे-वैसे शरीर को ऐसी डाइट की जरूरत होती है जो अंदर से गर्मी दे और रोगों से लड़ने की ताकत बढ़ाए। भारतीय पारंपरिक भोजन में मेथी के लड्डू इसी जरूरत को पूरा करते हैं। ये न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी बेहद फायदेमंद माने जाते हैं।
मेथी में मौजूद पोषक तत्व शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ पाचन तंत्र को दुरुस्त रखते हैं। सर्दियों में अक्सर गैस, कब्ज और जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ जाती है, ऐसे में मेथी के लड्डू राहत पहुंचाने में मदद करते हैं। सूखी अदरक और घी मिलकर शरीर में गर्माहट बनाए रखते हैं, जिससे ठंड का असर कम होता है।
इन लड्डुओं में फाइबर और आयरन की भरपूर मात्रा होती है, जो खून की कमी को दूर करने और थकान कम करने में सहायक है। वहीं गुड़ शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है और इम्यूनिटी को मजबूत करता है। यही कारण है कि बुजुर्गों और महिलाओं के लिए मेथी के लड्डू सर्दियों में खासतौर पर फायदेमंद माने जाते हैं।
मेथी के लड्डू बनाने की सामग्री
मेथी के बीज, गेहूं का आटा, देसी घी, गुड़, खाने वाला गोंद, सूखी अदरक पाउडर, इलायची और मिक्स ड्राई फ्रूट्स।
बनाने का तरीका
मेथी के बीजों को भिगोकर सुखाने के बाद पीस लें। कढ़ाही में घी गरम कर गोंद को तलें और अलग रखें। गेहूं के आटे को धीमी आंच पर भूनें, फिर मेथी पाउडर और अदरक डालें। आंच बंद कर गुड़ मिलाएं ताकि वह जले नहीं। अंत में सभी चीजें मिलाकर लड्डू बना लें।
ध्यान रखें कि मेथी की कड़वाहट कम करने के लिए भूनने की प्रक्रिया धीमी रखें। लड्डू एयरटाइट डिब्बे में रखें और जरूरत के अनुसार ही खाएं। सही मात्रा और सही विधि से बनाए गए मेथी के लड्डू सर्दियों में एक परफेक्ट हेल्दी स्नैक साबित होते हैं।