मुंबई: कॉमेडी क्वीन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिम्बाचिया के परिवार में खुशियों का माहौल है। दोनों दूसरी बार माता-पिता बने हैं। शुक्रवार को भारती ने एक बेटे को जन्म दिया। इस खबर ने उनके चाहने वालों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, भारती टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3’ की शूटिंग के लिए तैयार हो रही थीं। उन्हें सुबह सेट पर रिपोर्ट करना था, लेकिन अचानक उनका वॉटर ब्रेक हो गया। इसके बाद उन्हें इमरजेंसी में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत डिलीवरी करवाई। हालात को देखते हुए समय पर लिया गया फैसला मां और बच्चे दोनों के लिए सुरक्षित साबित हुआ।
फिलहाल, कपल की ओर से बेटे के जन्म को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बावजूद इसके, टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और फैंस ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया है।
भारती ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा अक्टूबर 2025 में की थी। उन्होंने स्विट्जरलैंड ट्रिप के दौरान बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए एक तस्वीर साझा की थी, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया। खास बात यह रही कि प्रेग्नेंसी के दौरान भी भारती ने काम से दूरी नहीं बनाई और लगातार शूटिंग करती रहीं।
भारती और हर्ष की कहानी भी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दोनों की मुलाकात 2009 में ‘कॉमेडी सर्कस’ के सेट पर हुई थी। भारती जहां मंच पर अपनी कॉमेडी से लोगों को हंसा रही थीं, वहीं हर्ष पर्दे के पीछे स्क्रिप्ट लिखने का काम कर रहे थे। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और आठ साल के रिश्ते के बाद 2017 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए।
अप्रैल 2022 में उनके पहले बेटे लक्ष्य का जन्म हुआ था। अब दूसरे बेटे के आगमन से परिवार और भी खुशहाल हो गया है। भारती और हर्ष को टीवी के सबसे लोकप्रिय और मजबूत कपल्स में गिना जाता है। दोनों ने साथ मिलकर कई सफल शोज को होस्ट किया है और उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आती है।