- वक्फ संपत्तियों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में देश में नंबर वन
उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर डिजिटल प्रशासन के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वक्फ संपत्तियों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन को लेकर शुरू किए गए ‘उम्मीद’ पोर्टल पर राज्य ने देश में सबसे अधिक संपत्तियों का सफल पंजीकरण कर पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल तकनीकी दक्षता का प्रमाण है, बल्कि प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में भी एक बड़ा कदम मानी जा रही है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा 6 जून को शुरू किए गए इस पोर्टल पर सभी वक्फ संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 5 दिसंबर तय की गई थी। हालांकि केंद्र सरकार ने इस अवधि को छह महीने बढ़ा दिया, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार ने समय से पहले ही यह लक्ष्य पूरा कर लिया।
राज्य में कुल 92,832 वक्फ संपत्तियों का डिजिटल रजिस्ट्रेशन किया गया है, जिनमें 86,347 सुन्नी और 6,485 शिया वक्फ संपत्तियां शामिल हैं। देशभर में अब तक हुए कुल रजिस्ट्रेशन में उत्तर प्रदेश का योगदान सबसे अधिक रहा है। इस सफलता के पीछे प्रदेश सरकार द्वारा चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान और प्रशासनिक सहयोग अहम रहा। मुतवल्लियों को ऑनलाइन प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया और जिला स्तर पर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में तेजी आई।
शिया वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण में लखनऊ सबसे आगे रहा, जबकि अमरोहा और मेरठ ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वहीं सुन्नी वक्फ संपत्तियों के मामले में बाराबंकी, सीतापुर और आजमगढ़ अग्रणी जिलों के रूप में उभरे। सरकार का मानना है कि डिजिटल रजिस्ट्रेशन से वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग पर रोक लगेगी और उनके संरक्षण, रखरखाव व विकास की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकेगा। इससे भविष्य में कानूनी विवादों में भी कमी आने की उम्मीद है।