लियोनल मेसी के भारत दौरे की चर्चा सिर्फ उनके खेल तक सीमित नहीं रही। इस दौरे का सबसे यादगार और सोशल मीडिया-फ्रेंडली पल तब सामने आया, जब अर्जेंटीना के स्टार मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल सफेद बनियान में नजर आए। मेसी और राहुल गांधी के साथ चलते हुए डी पॉल का यह सादा अंदाज फैंस के दिलों में बस गया।
हैदराबाद में आयोजित GOAT India Tour 2025 का माहौल कोलकाता से बिल्कुल अलग रहा। जहां कोलकाता में अव्यवस्था और नाराजगी देखने को मिली, वहीं हैदराबाद में हर चीज योजना के मुताबिक हुई। इसी सुकून भरे माहौल में डी पॉल का बनियान वाला लुक लोगों को मुस्कुराने का मौका दे गया।
सोशल मीडिया पर फैंस ने डी पॉल को “देसी भाई”, “बिल्कुल अपने मोहल्ले वाला” और “सादगी का सुपरस्टार” तक कह डाला। कुछ यूजर्स ने लिखा कि जहां दुनिया फैशन में डूबी है, वहीं डी पॉल ने दिल जीतने के लिए बस एक बनियान ही काफी समझी।
राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मेसी ने फ्रेंडली मैच खेला और अपने करियर के बेहतरीन पलों की झलक दिखाई। स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था और हर टच पर तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई दे रही थी। मेसी पूरी तरह सहज नजर आए, जो कोलकाता में दिखे तनावपूर्ण माहौल से बिल्कुल उलट था।
कार्यक्रम में मेसी, सुआरेज और डी पॉल ने पेनल्टी शूटआउट और फुटबॉल क्लिनिक में हिस्सा लिया। बच्चों के साथ खिलाड़ियों की मस्ती ने आयोजन को और खास बना दिया। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी खुद फुटबॉल किट में नजर आए और खिलाड़ियों के साथ मैदान में समय बिताया।
समापन समारोह में राहुल गांधी की मौजूदगी और खिलाड़ियों के साथ उनकी तस्वीरों ने कार्यक्रम को राजनीतिक और सांस्कृतिक रूप से भी खास बना दिया। लेकिन इन सबके बीच सोशल मीडिया की असली सुर्खियां बटोरीं—रोड्रिगो डी पॉल की बनियान ने।