देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने हालिया परिचालन संकट से प्रभावित हुए यात्रियों के लिए बड़ा कदम उठाया है। रिफंड प्रक्रिया शुरू करने के बाद अब कंपनी ने अतिरिक्त मुआवजा देने का फैसला भी किया है। हालांकि यह राहत हर यात्री को नहीं मिलेगी, बल्कि केवल उन्हीं लोगों को दी जाएगी जिन्हें 3, 4 और 5 दिसंबर को हुई अव्यवस्था के कारण गंभीर परेशानी हुई थी।
इंडिगो का बड़ा एलान
एयरलाइन ने घोषणा की है कि जिन यात्रियों ने अपने टिकट किसी ट्रैवल पार्टनर या थर्ड-पार्टी प्लेटफॉर्म के माध्यम से बुक किए थे, उनके रिफंड प्रोसेस की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कंपनी की ओर से बताया गया कि इंडिगो के सिस्टम में ऐसे यात्रियों का पूरा डेटा उपलब्ध नहीं होता, इसलिए रिफंड में देरी की स्थिति आ सकती है। इस समस्या के समाधान के लिए एयरलाइन ने एक ईमेल आईडी जारी की है—
customer.experience@goindigo.in
यात्री अपनी बुकिंग संबंधी सारी जानकारी इस मेल पर भेजकर रिफंड प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकते हैं।
10 हजार रुपये का एक्स्ट्रा ट्रैवल वाउचर
इंडिगो ने माना कि 3, 4 और 5 दिसंबर को संचालन संबंधी दिक्कतों के चलते हजारों यात्रियों को असामान्य भीड़, घंटों की देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा। कई लोग एयरपोर्ट पर लंबे समय तक फंसे रहे और उनकी आगे की यात्रा योजनाएँ प्रभावित हुईं।
इन परिस्थितियों को देखते हुए एयरलाइन ने फैसला किया है कि जिन यात्रियों को इस अवधि में भारी परेशानी उठानी पड़ी, उन्हें 10,000 रुपये का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा। यह वाउचर अगले 12 महीनों तक इंडिगो की किसी भी उड़ान में उपयोग किया जा सकेगा।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह राशि सरकारी गाइडलाइंस से अलग अतिरिक्त मुआवजा है।
सरकारी नियमों के तहत अनिवार्य मुआवजा भी मिलेगा
इंडिगो ने यह भी कहा कि वह सरकार द्वारा तय गाइडलाइंस के अनुसार उन यात्रियों को भी मुआवजा दे रही है जिनकी उड़ानें डिपार्चर टाइम से 24 घंटे के अंदर बिना जानकारी दिए रद्द कर दी गई थीं। ऐसे यात्रियों को 5,000 रुपये से 10,000 रुपये तक का भुगतान किया जाएगा।
इंडिगो पर बढ़ा दबाव
लगातार उड़ान रद्द होने, क्रू की कमी और ऑपरेशनल मुद्दों के कारण इंडिगो पिछले कुछ दिनों से आलोचना में है। हजारों यात्रियों के सोशल मीडिया पर शिकायतें दर्ज करने के बाद एयरलाइन पर दबाव बढ़ा है कि वह पारदर्शिता बनाए रखे और यात्रियों को उचित मुआवजा दे।
कंपनी का यह कदम ग्राहकों का भरोसा वापस जीतने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।