अयोध्या: राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के ऐतिहासिक कार्यक्रम के बाद राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। अयोध्या के सांसद और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया है कि उन्हें दलित होने की वजह से समारोह में नहीं बुलाया गया। उनके इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। बुधवार को एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि ‘मैं दलित समाज से आता हूं, शायद इसीलिए कार्यक्रम में मुझे आमंत्रित नहीं किया गया।’ उन्होंने इसे भाजपा की ‘निम्न सोच’ का परिणाम बताया।
सांसद ने कहा कि प्रभु श्रीराम के मंदिर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पताका फहराए जाने का वह स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षण पूरे देश, प्रदेश और क्षेत्र के लिए गर्व का है। लेकिन इस आयोजन में जनता को दूर रखना, प्रेस को सीमित संख्या में पास देना और 10 दिन पहले से ठेला-खोमचा वालों को हटाना गलत है। उन्होंने बताया कि वे कार्ड के इंतजार में 24 नवंबर की आधी रात तक प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन निमंत्रण नहीं मिला।
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि “मैं अयोध्या का सांसद हूं और लाखों लोगों ने मुझे चुना है। प्रधानमंत्री पूरे देश के हैं, सिर्फ भाजपा के नहीं। लेकिन दलित समाज से आने की वजह से मुझे शायद नहीं बुलाया गया।” उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि इसी मानसिकता के कारण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया।
सांसद ने आगे कहा कि भाजपा राम के नाम पर राजनीति करती है। उन्होंने याद दिलाया कि रामराज्य में सभी जातियों और धर्मों का सम्मान था। राम ने शबरी जैसी वनवासी महिला को सम्मान दिया। लेकिन आज की राजनीति में जाति के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है।
BJP का कड़ा पलटवार
सपा सांसद के बयान के बाद भाजपा ने भी तेजी से प्रतिक्रिया दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अवधेश प्रसाद के आरोपों को पूरी तरह ‘भ्रामक और असत्य’ बताया। उन्होंने कहा कि दलित होने की वजह से निमंत्रण न मिलने की बात पूरी तरह गलत है। चौधरी ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों ने भेदभाव मिटाकर राम मंदिर ध्वजारोहण का स्वागत किया है। समाज के हर वर्ग ने इस मंदिर आंदोलन में योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष समाज को जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटने की कोशिश कर रहा है। राहुल गांधी और अखिलेश यादव देश की जनता को गुमराह करने में लगे हुए हैं। लेकिन जनता अब इन विभाजनकारी विचारों को स्वीकार नहीं करेगी। चौधरी ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद यह ऐतिहासिक ध्वजारोहण हुआ है और यह सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि विरोधियों की मानसिकता आज भी बाबर की तरफ झुकी हुई है, जबकि भाजपा किसी भी तरह की गुलामी की प्रतीक धारणाओं का विरोध करती है। उन्होंने दावा किया कि बिहार चुनावों में भी जनता ने कांग्रेस और सपा की जातिवादी राजनीति को नकार दिया और यूपी में भी भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
विधायक और स्थानीय नेताओं से मुलाकात
इस विवाद के बीच प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मिल्कीपुर के घटौली गांव में विधायक रामचंद्र यादव के घर पहुंचकर उनके भतीजे के विवाह में शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया। वहीं, रायपुर गांव में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राकेश कुमार सिंह के बेटे के विवाह के प्रीतिभोज में भी पहुंचे। इस दौरान कई स्थानीय सांसद, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।