UP News: हर्ष फायरिंग से गई किशोरी की जान

अपराध उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ मेरठ

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर रोड स्थित 20 फूटा शौकत वाली गली में बारात गुजर रही थी, जहां कुछ बाराती खुशी में हवा में फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक किशोरी छत पर खड़ी होकर बारात का नज़ारा देख रही थी। हर्ष फायरिंग के दौरान चली एक गोली सीधा किशोरी को जा लगी, जिसके बाद उसके परिवार में हड़कंप मच गया।

कैसे हुआ हादसा?

सोमवार देर शाम बारात चढ़त का समय था। घरों की छतों पर कई लोग और बच्चे बारात देखने के लिए खड़े थे। तभी अचानक एक गोली चलने की आवाज़ आई और चीख-पुकार मच गई। छत पर खड़ी अक्शा (पुत्री अरशद) के पेट में गोली लग चुकी थी। परिजन तुरंत उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

अक्शा थी तीन बहनों में सबसे छोटी

जानकारी के अनुसार मृतक किशोरी अक्शा तीन बहनें और दो भाइयों में सबसे छोटी थी। बारात किंग पैलेस, हापुड़ रोड की ओर जा रही थी और उसी दौरान गोली लगी। इस एक लापरवाह हरकत ने परिवार की दुनिया उजाड़ दी। घर में सभी सदमे में हैं और मोहल्ले में गम का माहौल है।

आरोपी मौके से फरार, पुलिस एक्टिव मोड में

घटना के तुरंत बाद हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। लिसाड़ीगेट पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी बारातियों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

स्थानीय लोगों में गुस्सा

मोहल्ले के लोगों ने इस घटना को लेकर भारी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि हर्ष फायरिंग की वजह से हर साल कई लोगों की जान जाती है, लेकिन लोग फिर भी इसे रोक नहीं रहे। उन्होंने इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *