INDIA गठबंधन में ओवैसी को शामिल करने की मांग तेज

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ बिहार राजनीती

बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के भीतर अब AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को INDIA गठबंधन में शामिल करने की मांग उठने लगी है। इसी क्रम में सपा के पूर्व सांसद डॉ. एस. टी. हसन ने स्पष्ट कहा कि वह इस मसले पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से खुलकर बातचीत करेंगे। बिहार चुनाव में ओवैसी की पार्टी AIMIM को 5 सीटों पर मिली जीत ने इस चर्चा को और मजबूत किया है।

डॉ. हसन का मानना है कि बिहार में AIMIM की भूमिका महत्वपूर्ण रही और अगर विपक्ष को मजबूत बनाना है तो सभी समान विचारधारा वाले दलों को एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन में AIMIM को शामिल करने से विपक्ष की ताकत बढ़ेगी और भविष्य की राजनीति में बड़ा प्रभाव देखने को मिलेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस विषय पर जल्द ही अखिलेश यादव से मुलाकात की जाएगी।

इसी बीच, डॉ. एस. टी. हसन ने दिल्ली लाल किला ब्लास्ट मामले में शामिल डॉक्टरों को कठोर सजा देने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर कोई डॉक्टर आतंकवादी गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो यह देश और समाज के लिए बेहद खतरनाक है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सेवा के नाम पर गलत काम करने की हिम्मत न करे।

वहीं, विश्व हिंदू परिषद केंद्रीय प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. राजकमल गुप्ता ने विहिप प्रवक्ता विनोद बंसल के बयान को उनका निजी बयान बताया। उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर होने के नाते वह किसी भी स्थिति में यह नहीं मान सकते कि कोई डॉक्टर अपने पेशे के खिलाफ जाकर मरीजों या देश को नुकसान पहुंचाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *