अयोध्या में 25 नवंबर को पीएम मोदी फहराएंगे भगवा ध्वज

उत्तर प्रदेश टॉप -न्यूज़ न्यूज़ लखनऊ न्यूज़

लखनऊ: अयोध्या आज केवल हजारों वर्षों की परंपराओं का संरक्षक ही नहीं, बल्कि भारत के आधुनिक विकास की नई दिशा भी बन गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे, जो शहर के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव को एक नई पहचान देगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और उद्योगों में तेज वृद्धि देखने को मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में बड़े पैमाने पर बदलाव आया है। आज यह शहर केवल श्रद्धा का केंद्र नहीं, बल्कि आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पुनर्जागरण का मॉडल बनकर उभरा है। ध्वजारोहण समारोह इसी परिवर्तन का प्रतीक बनते हुए युवाओं, उद्योगों, कारीगरों और स्थानीय नागरिकों के लिए नए अवसर खोल रहा है।

पर्यटन में अप्रत्याशित वृद्धि से होटल, रेस्टोरेंट, ट्रैवल कंपनियाँ, सुरक्षा सेवाएँ, इवेंट मैनेजमेंट और स्थानीय विक्रेता—सभी को आर्थिक लाभ मिलेगा। 2017 से यूपी के धार्मिक पर्यटन में 361% की वृद्धि दर्ज की गई है, और आने वाले समय में पर्यटन उद्योग के ₹70,000 करोड़ तक पहुँचने का अनुमान है। अयोध्या में ही कई बड़ी परियोजनाएँ विकास की गति को और मजबूत कर रही हैं, जैसे—

  • ₹4,403 करोड़ का राम वन गमन पथ

  • ₹2,182 करोड़ की ग्रीनफील्ड टाउनशिप

  • आधुनिक जनसंख्या एवं भूमि-उपयोग योजना

अयोध्या की जनसंख्या 2031 तक 24 लाख और 2047 तक 35 लाख तक पहुँचने का अनुमान है, जिससे रोजगार और व्यापार के लिए विशाल अवसर पैदा होंगे।

आज अयोध्या युवाओं के लिए करियर का मजबूत केंद्र बन चुका है। पहले जहां लोग नौकरियों की तलाश में महानगरों का रुख करते थे, वहीं अब बड़े उद्योग खुद अयोध्या में शाखाएँ खोलने में रुचि दिखा रहे हैं। सोशल मीडिया प्रबंधन, फोटोग्राफी, पर्यटन सेवाएँ, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, लॉजिस्टिक्स और आतिथ्य सेवाओं में युवाओं के लिए नए अवसर तेजी से बढ़े हैं।

ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) योजना ने अयोध्या की अर्थव्यवस्था में नई जान फूंक दी है। लकड़ी की कारीगरी, गुलाब उत्पाद, धार्मिक स्मृति-चिह्न और राम-थीम आधारित वस्तुएँ देश-दुनिया में लोकप्रिय हो चुकी हैं। Amazon और Flipkart जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए अयोध्या के कारीगरों की पहचान अब वैश्विक स्तर तक पहुंच चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *