दो की मौत, तीन घायल—इलाके में दहशत, जांच में जुटे अधिकारी
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सराय बरई गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इस दुखद घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। विस्फोट के बाद भी बीच-बीच में छोटे धमाके होते रहे, जिससे आसपास के लोगों में डर बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। डीएम, एसपी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेराबंद कर जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री के आसपास रहने वाले लोग अभी भी दहशत में हैं और कई घरों के कांच टूटने की भी जानकारी सामने आई है।
आईजी अयोध्या का बयान
हादसे के बाद आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार ने बताया कि फैक्ट्री के पास भंडारण और विनिर्माण दोनों तरह के लाइसेंस मौजूद थे। विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी जांच फॉरेंसिक टीम द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि धमाका धूम्रपान की वजह से हुआ या किसी अन्य कारण से। उन्होंने यह भी बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान कर ली गई है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग को काबू कर लिया गया है, लेकिन आतिशबाजी के अवशेषों को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है।
विस्फोट होने पर क्या करें?
ऐसी घटनाओं में लोगों को घबराने के बजाय शांत रहकर सुरक्षा के कदम उठाने चाहिए:
-
तुरंत विस्फोट स्थल से दूर जाएं, क्योंकि दूसरा विस्फोट भी हो सकता है।
-
अगर बाहर हों, तो जमीन पर लेट जाएं और सिर को हाथों से ढक लें।
-
तेज रोशनी या आग की तरफ न देखें।
-
आग लगी हो तो उससे दूर रहें और बुझाने की कोशिश न करें।
-
घायल लोगों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाएं।
-
कानों को तेज आवाज से बचाने के लिए हाथों से ढकें।
यूपी में हाई अलर्ट जारी
दिल्ली के लाल किले के पास हुए हालिया विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पहले से ही हाई अलर्ट लागू है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं। सीमावर्ती जिलों में वाहनों, यात्रियों और संदिग्धों की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।