उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे कार चालक ने अपनी गाड़ी में ₹3,000 का पेट्रोल भरवाया और जब पैसे चुकाने की बारी आई, तो वह गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने गाड़ी के पीछे दौड़ लगाकर उसे रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन चालक गाड़ी लेकर फरार होने में कामयाब रहा। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तड़के 3 बजे महेश फिलिंग सेंटर पर पहुंची अर्टिगा कार
यह पूरा वाकया सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र स्थित बर्मी चौराहे का है। यहां एचपी (HP) कंपनी का महेश फिलिंग सेंटर स्थित है। रविवार की सुबह तड़के करीब 3 बजे पेट्रोल पंप पर एक सफेद रंग की अर्टिगा कार आकर रुकी। कार चालक ने वहां तैनात कर्मचारी से ₹3,000 का पेट्रोल डालने को कहा। कर्मचारी ने बिना किसी संदेह के गाड़ी की टंकी में पेट्रोल भर दिया और ढक्कन बंद कर दिया।
पैसे मांगते ही चालक ने दबाया एक्सीलेटर
घटना के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पेट्रोल डालने के बाद पंप कर्मी कार के ड्राइवर साइड वाले दरवाजे के पास खड़ा होकर पैसे मांगने लगता है। कर्मचारी कुछ सेकेंड तक भुगतान का इंतजार करता दिखता है, लेकिन तभी अर्टिगा चालक अचानक एक्सीलेटर दबाता है और तेज रफ्तार में गाड़ी भगा ले जाता है। अचानक हुई इस हरकत से हैरान पेट्रोल पंप कर्मी कार के पीछे दौड़ते भी हैं, लेकिन तेज रफ्तार कार की वजह से वे उसे पकड़ नहीं पाते।
मैनेजर ने पुलिस से की शिकायत, जांच में जुटी टीम
इस घटना के बाद पेट्रोल पंप के मैनेजर ने तुरंत मिश्रिख कोतवाली पुलिस को पूरे मामले की लिखित शिकायत दी है और प्रार्थना पत्र सौंपा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर कार के नंबर और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।